गाजियाबाद में मां-बेटी की मौत, एक ही फंदे पर मिले शव

गाजियाबाद में मां-बेटी की मौत, एक ही फंदे पर मिले शव

(रणभेरी): खोड़ा क्षेत्र की शंकर विहार कॉलोनी में शुक्रवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला और उसकी तीन वर्षीय बेटी के शव कमरे में एक ही फंदे से लटके मिले। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतकों की पहचान 30 वर्षीय प्रीति और उसकी तीन साल की बेटी अक्षिता के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, घटना शाम करीब साढ़े सात बजे खोड़ा गांव में हुई।

पति के बाहर जाने के बाद बंद हुआ कमरे का दरवाजा

पुलिस के मुताबिक, प्रीति का पति अनिरुद्ध उर्फ सोनू पानी लेने और पत्नी की दवा लाने के लिए घर से बाहर गया था। इसी दौरान प्रीति ने कमरे का दरवाजा भीतर से बंद कर लिया। कुछ समय बाद जब परिवार के लोगों ने दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया और कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो खिड़की से अंदर झांककर देखा गया। अंदर का दृश्य देखकर परिजन घबरा गए। इसके बाद आसपास के लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया। कमरे में प्रीति और अक्षिता के शव फंदे से लटके मिले। घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई।

गाजियाबाद में मां-बेटी की मौत, एक ही फंदे पर मिले शव

पति-पत्नी के बीच अक्सर होता था विवाद

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि प्रीति अपने पति के दूसरी महिला से संबंध होने का शक करती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी विवाद होने की बात सामने आई है। अनिरुद्ध ने पुलिस को बताया कि मोबाइल फोन इस्तेमाल करने को लेकर भी कई बार दोनों में कहासुनी होती थी। घटना वाले दिन दोपहर में भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। पुलिस ने अभी घटना के कारणों को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

2021 में हुई थी शादी

डीसीपी ट्रांस हिंडन ऋजुल के अनुसार, मूल रूप से हरदोई निवासी अनिरुद्ध की शादी वर्ष 2021 में उन्नाव की प्रीति से हुई थी। दंपती पिछले करीब चार वर्षों से खोड़ा गांव की शंकर विहार कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा था। अनिरुद्ध मैक्स हॉस्पिटल में नौकरी करता है। परिजनों के मुताबिक, परिवार हाल ही में राजस्थान स्थित मेहंदीपुर बालाजी मंदिर से दर्शन कर वापस लौटा था।

बच्ची ने खिड़की से देखा अंदर का दृश्य

अनिरुद्ध की बहन रिंकी मकान के निचले हिस्से में अपने परिवार के साथ रहती है। रिंकी के मुताबिक, उसकी बेटी पहली मंजिल पर प्रीति के कमरे की ओर गई थी। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद जब कोई जवाब नहीं मिला तो बच्ची ने खिड़की से अंदर देखा।

अंदर का दृश्य देखकर वह घबरा गई और परिवार के लोगों को जानकारी दी। इसके बाद रिंकी और अन्य परिजन ऊपर पहुंचे और कमरे में दोनों को फंदे पर लटका देखा। एसीपी सूर्यबली मौर्य ने बताया कि UP-112 के जरिए घटना की सूचना पुलिस को मिली थी। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *