योगी का सदन में पहला संबोधन- कहा राजनीतिक मतभेद चाहे जितने हों हम मिलकर लोकतंत्र को मजबूत बनाएंगे

योगी का सदन में पहला संबोधन- कहा राजनीतिक मतभेद चाहे जितने हों हम मिलकर लोकतंत्र को मजबूत बनाएंगे

(रणभेरी): योगी आदित्‍यनाथ दूसरी बार मुख्‍यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद आज पहली बार विधानसभा को सम्‍बोधित कर रहे हैं। साथ ही भाजपा के वरिष्ठ नेता सतीश महाना को यूपी विधानसभा का अध्यक्ष चुना गया है। इस मौके पर उन्‍होंने सतीश महाना के सर्वानुमति से स्‍पीकर चुने जाने पर उन्‍हें बधाई दी।

सीएम ने कहा कि सत्ता पक्ष और विपक्ष लोकतंत्र के दो पहिए हैं और दोनों मिलकर ही सकारात्मक भाव के साथ प्रदेश की जनता का विकास कर सकते हैं। हमने चुनाव के दौरान देखा कि नेताओं ने एक दूसरे पर खूब आरोप-प्रत्यारोप किए। हम कह सकते हैं कि जनता कभी भी नकारात्मकता को स्वीकार नहीं करती है। हमेशा प्रगतिशील सोच को स्थान देती है। जो सकारात्मक होगा वो अंगीकार किया जाएगा।

अब हमें यूपी के विकास पर सोचना है। युवाओं के बारे में सोचना है। महिलाओं के बारे में सोचना है। मुझे पूरा विश्वास है कि उत्तर प्रदेश उन सारी उम्मीदों को पूरा कर सकता है जो देश की जनता करती है।सीएम ने विधानसभा अध्यक्ष की प्रशंसा करते हुए कहा कि आपका आठवीं बार विधायक के रूप में चुना जाना एक बड़ी बात है। जो कि आपके द्वारा किए गए जन कार्यों को दिखाता है। आपने औद्योगिक विकास मंत्री रहते हुए निवेश के करीब साढ़े तीन लाख प्रस्तावों को जमीन पर उतारने में परिश्रम किया। इस पद पर चुने जाने के लिए आपको बधाई और शुभकामनाएं। मुख्यमंत्री ने सभी विधायकों को भी चुने जाने के लिए बधाई दी।