Yogi Government 2.0: दूसरे कार्यकाल के सौ दिन पर सीएम योगी ने सामने रखा रिपोर्ट कार्ड, नई उड़ान के साथ पूरा कर रहे विकास कार्य

Yogi Government 2.0: दूसरे कार्यकाल के सौ दिन पर सीएम योगी ने सामने रखा रिपोर्ट कार्ड, नई उड़ान के साथ पूरा कर रहे विकास कार्य

वाराणसी (रणभेरी): उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के दूसरे कार्यकाल के सौ दिन पांच जुलाई को पूरे होंगे। इसके एक दिन पहले ही यानी आज चार जुलाई को सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपनी सरकार के दूसरे कार्यकाल के सौ दिन के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। लोक भवन में सीएम योगी आदित्यनाथ प्रेस कान्फ्रेंस में सरकार के कार्य का ब्यौरा प्रस्तुत किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार में सारे कार्यक्रम उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति देने के लिए टीम वर्क से हो रहे हैं।हम आज पांच वर्ष के कार्यक्रम के संदर्भ ने सौ दिन की प्रगति को प्रस्तुत कर रहे हैं। हमारी सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था के ग्रोथ इंजन के रूप में उत्तर प्रदेश के सामर्थ्य को संजोने और उसे देश व दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का कार्य 2017 से मार्च 2022 के बीच में किया है। अब इस दूसरे कार्यकाल में हम सब एक नई उड़ान के साथ अपनी यात्रा को आगे बढ़ा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जो लक्ष्य निर्धारित किया है, जो भारत की अर्थव्यवस्था फाइव ट्रिलियन की होगी उसमें तो स्वाभाविक रूप से उत्तर प्रदेश की भूमिका इसमें महत्वपूर्ण हो जाती है।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि हमने जनता से जो भी वादे किए हैं वो पूरे किए। अब हम प्रदेश की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डॉलर की बनाने के लिए काम कर रहे हैं।जिससे कि उत्तर प्रदेश देश का ग्रोथ इंजन बन सके। प्रदेश को देश की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए काम कर रहे हैं।हमने 10 सेक्टरों को सूचीबद्घ किया जिसकी जिम्मेदारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। जिससे कि निवेश से लेकर विकास के हर क्षेत्र में प्रदेश तेजी से आगे बढ़ सके।

प्रदेश में 844 करोड़ रुपये पेशेवर अपराधियों व माफियाओं की संपत्ति जब्त की है। उन्होंने कहा कि 2017 के बाद से अब तक करीब 2925 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति जब्त की गई है। यह सरकार की अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति का परिणाम है।पिछले पांच साल में प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है। पहले प्रदेश दंगा और अराजकता के लिए जाना जाता था पर भाजपा सरकार में एक भी दंगा नहीं हुआ है।पिछले पांच साल में प्रदेश की जीडीपी दोगुना हुई है साथ ही प्रति व्यक्ति आय भी दोगुना के करीब हुई है। 2017 के पहले प्रदेश का बजट करीब तीन लाख करोड़ था जो कि अब 6 लाख 15 हजार करोड़ हो चुका है। बजट में सरकार के 97 संकल्पों को लागू किया गया है। धार्मिक स्थलों से अनावश्यक लाउडस्पीकर हटाए गए हैं। यह बिना किसी विवाद के हुआ है। किसी भी धार्मिक त्योहार में सड़कों पर कोई आयोजन नहीं हुआ।

प्रदेश में पहली बार निवेश का माहौल बना है। प्रदेश में 80 हजार करोड़ रुपये की करीब 1400 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। प्रदेश में डाटा सेंटर हब बन रहा है। प्रदेश में नई डाटा सेंटर नीति लागू की। सूबे में चार डाटा सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं।प्रदेश में एक लाख 20 हजार से अधिक लाउडस्पीकर हटाए गए या उनकी आवाज कम की गई। यह बिना शोरगुल के हुआ। यह जनविश्वास का प्रतीक है। प्रदेश में कोई भी सार्वजनिक कार्यक्रम सड़कों पर नहीं हुआ है। चाहे अलविदा की नमाज हो या कोई अन्य कार्यक्रम। ये सरकार के प्रति जनता के विश्वास को दर्शाता है। मुख्यमंत्री योगी ने जनता के सामने रिपोर्ट कार्ड रखा।