Weather Updates: बनारस में हल्की बारिश से सुहाना हुआ मौसम, तापमान में गिरावट, 2 मई तक बरसात के आसार

Weather Updates: बनारस में हल्की बारिश से सुहाना हुआ मौसम, तापमान में गिरावट, 2 मई तक बरसात के आसार

(रणभेरी): वाराणसी समेत आसपास के जिलों में 2 दिन से गर्मी से छुटकारा मिला हुआ है। बुधवार देर रात हुई हल्की बारिश के बाद से मौसम बदल गया है। ठंडी-ठंडी पछुआ हवा बह रही है। मौसम सुहाना हो उठा है। आज भोर में 3 मिलीमीटर की बारिश हुई। यह बरसात ग्रामीण इलाके में हुई। इसकी वजह से पूरे वाराणसी का मौसम काफी सुहाना बन गया है। घने बादल छाए रहे। इसके बाद करीब 10 बजे धूप निकली लेकिन तपिश ना के बराबर रही। तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सुबह का तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे भीषण गर्मी की मार झेल रहे लोगों को बड़ी राहत मिली है। अगले दो तीन दिन तक ऐसे ही मौसम रहने के आसार हैं। दिन से लेकर रात तक बादलों का असर दिखने का अनुमान जताया गया है। गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बरसात भी हो सकती है।

वहीं, बुधवार को वाराणसी का अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया गया था। वाराणसी का अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री कम और न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस कम ही दर्ज किया गया। आम दिनों की बात करें तो अप्रैल में वाराणसी का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर ही रहता है। वाराणसी में बुधवार की देर रात काफी तेज हवा चल रही थी। इसकी स्पीड 15 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा की रही। इसी वजह से वाराणसी का तापमान थोड़ा कम है। फिलहाल, आज सुबह से हवा बंद है। हवा में नमी 88% दर्ज की गई है।

अप्रैल के माह में 25 दिन तक भीषण गर्मी और लू का सामना कर चुके लोगों को राहत भरे मौसम का अभी कुछ दिन और आनंद मिलेगा।बदले मौसम से लोगों को अभी चार दिन और राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विभाग की मानें तो 29 अप्रैल से एक मई तक बूंदाबांदी और वर्षा की संभावना है। इससे तापमान में और गिरावट आ सकती है। शहर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।