वाराणसी में विजयादशमी धूमधाम से मनाई गई, बरेका मैदान में हुआ रावण दहन

वाराणसी (रणभेरी): विजयादशमी के पावन पर्व पर गुरुवार को बरेका केंद्रीय खेल मैदान में रावण दहन का भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम शुरू होते ही पूरा मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। परंपरा के अनुसार रावण, मेघनाथ और कुंभकर्ण के विशाल पुतलों का दहन किया गया। आतिशबाजी के बीच चारों ओर रामभक्ति का माहौल छा गया।
ढाई घंटे तक चले इस सांस्कृतिक रूपक में मंच से गायक विजय शंकर पाठक और सानिया तृप्ति मिश्रा ने कजरी, चैता, छप्पय और कहरवा जैसी लोकविधाओं में गीत प्रस्तुत किए। वाचक आलोक कुमार सिंह, कृष्ण कुमार, आदित्य और अंजली दुबे के संवादों पर पात्रों ने मूक अभिनय कर रामलीला के प्रमुख प्रसंगों को जीवंत किया। निर्देशक एसडी सिंह और सह-निदेशक राजन श्रीवास्तव के निर्देशन में ग्रुप लीडर नीना साहनी व टीम ने मंच संचालन किया।
विशेषता यह रही कि पूरे रूपक में कोई पात्र संवाद नहीं बोलता, बल्कि मंच से बोले गए संवाद पर कलाकार मूक अभिनय करते हैं। आयोजन को और आकर्षक बनाने के लिए कलाकारों ने विशेष तैयारी की थी।
कार्यक्रम में अमेरिका से आए प्रतिनिधिमंडल लेन, जुडी, स्कॉट, डैनी और रैन ने भी शिरकत की। उन्होंने रावण, मेघनाथ और कुंभकर्ण के पुतलों के दहन और भारतीय संस्कृति को नजदीक से देखकर गहरी प्रसन्नता जताई।