BHU पर 46 करोड़ की Tax वसूली करेगा वाराणसी नगर निगम

BHU पर 46 करोड़ की Tax वसूली करेगा वाराणसी नगर निगम

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी नगर निगम (VMC) ने गृहकर न जमा कर राजस्व को चुना लगाने वालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। वीएमसी ने सभी बड़े बकायेदारों को नोटिस भेजना शुरू कर दिया है। नगर निगम की ओर से जारी लिस्ट में बीएचयू भी शामिल है। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (BHU) पर हाउस टैक्स के 46 करोड़ रुपए बकाया है। नगर निगम के भेलूपुर जोन में BHU सबसे बड़ा बकायादार है। जोनल अधिकारी बकाया से संबंधित फाइलों का अवलोकन कर रहे हैं। साथ ही, हाउस टैक्स की वसूली के लिए केंद्र सरकार से पत्राचार भी किया जा रहा है।

वाराणसी नगर निगम ने बड़े बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। निगम की टीम ने जिनकी चोरी पकड़ी है, उनमें शहर के बड़े नामी कोचिंग संस्थान, अस्पताल के साथ बड़े होटल शामिल हैं, जिनपर नगर निगम का लाखों रुपए बकाया है, जिसकी चोरी नगर निगम की ओर से चलाए जा रहे गृहकर वसूली के दौरान पकड़ी गई है। इसमें प्रत्येक संस्थानों पर 1 या 2 लाख नहीं बल्कि 20 से 25 लाख रुपए के राजस्व का चूना लगाने का मामला सामने आया है। 

भेलूपुर जोन के जोनल अधिकारी राजेश अ्रवाल ने बताया कि हमारे जोन में सबसे ज्यादा हाउस टैक्स BHU के ऊपर बाकी है। इसे जल्द ही वसूला जाना है। इसके बारे में कागजी कार्रवाई की जा रही है। BHU के बाद दूसरा बड़ा बकाएदार कैंसर हॉस्पिटल था। उसके ऊपर सात लाख का गृह कर बकाया था। कैंसर अस्पताल ने चेक से भुगतान कर दिया है।इसके अलावा कैट्जी इंस्टीट्यूट ने 25 लाख की गृह कर चोरी की है। होटल ब्राड-वे ने हाउस टैक्स में 20 लाख की चोरी की है। इसमें कई अन्य होटल और बकाएदार भी शामिल हैं। सभी पर उत्तर प्रदेश नगर निगम अधिनियम की धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।