पहली बार पटरी पर दौड़ी 20 कोच की वंदे भारत ट्रेन, काशी से दिल्ली का सफर हुआ आसान

पहली बार पटरी पर दौड़ी 20 कोच की वंदे भारत ट्रेन, काशी से दिल्ली का सफर हुआ आसान

वाराणसी (रणभेरी सं.)। देश की पहली 20 कोच की वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत ट्रेन सोमवार की शाम 4.15 बजे कैंट स्टेशन से प्रयागराज के लिए रवाना हुई। गुलाब के फूलों से सजी वंदे भारत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल हरी झंडी दिखाई। प्लेटफॉर्म संख्या एक से ट्रेन को जनप्रतिनिधियों और रेल अधिकारियों ने रवाना किया। ट्रेन के सभी कोच में स्कूली बच्चे, सामाजिक संगठनों के लोग और अन्य यात्री समेत 1100 से अधिक लोग सवार हुए। रात में प्रयागराज से ट्रेन पुन: कैंट स्टेशन लौटी। इनॉगरल रन के तहत ट्रेन ने पहले दिन 248 किमी का सफर तय किया। बुधवार से 22415/22416 ट्रेन नई दिल्ली तक आवाजाही करेगी। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, पंजीयन शुल्क मंत्री रविंद्र जायसवाल, मेयर अशोक तिवारी, महाप्रबंधक शोभन चौधुरी, डीआरएम एसएम शर्मा, एडीआरएम लालजी चौधरी, स्टेशन निदेशक गौरव दीक्षित आदि रहे।

कैंट स्टेशन स्थित प्लेटफॉर्म संख्या एक स्थित कार्यक्रम के दौरान एलईडी स्क्रीन पर अहमदाबाद से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल हरी झंडी दिखाई। ट्रेन में विभिन्न स्कूलों, कॉलेज के विद्यार्थियों सहित सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, सोशल मीडिया के इंफ्लूएंसर सवार हुए। यात्रियों ने बताया कि सीट आरामदायक और अन्य कई आधुनिक सुविधाएं हैं। आईआरसीटीसी की ओर से यात्रियों को नाश्ता और डिनर भी कराया गया।

तकनीकी खराबी से 20 मिनट खड़ी रही

शाम 5.20 बजे माधोसिंह रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत रुकी और कुछ स्कूली बच्चों को यहां उतारा गया। इस बीच ट्रेन में तकनीकी खराबी आ गई। 20 मिनट तक ट्रेन माधोसिंह में खड़ी रही। इसके बाद आगे बढ़ी और 6.30 बजे वंदे भारत प्रयागराज स्टेशन पहुंची। प्रयागराज से 7.20 बजे वंदे भारत खुली और कैंट स्टेशन पर रात में पहुंची।

45 मिनट पहले बंद हो गया गेट, यात्री नाराज

वंदे भारत के समय को लेकर काफी ऊहापोह की स्थिति रहीं। वंदे भारत का गेट 45 मिनट पहले ही बंद हो गया। इस बीच ट्रेन में ही अंदर लोग रहे। ट्रेन शाम 4.15 रवाना हुई। यात्रियों ने बताया कि 30 मिनट पहले बंद होने के बजाय 45 मिनट पहले ही गेट बंद कर दिया गया।

यात्री बनकर डीआरएम ने परखी सुविधाएं, शौचालय में मिली ओवरचार्जिंग

उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के डीआरएम एसएम शर्मा ने सुबह स्टेशन पर यात्री सुविधाओं की पड़ताल की। कुछ जगहों पर सार्वजनिक शौचालय में गंदगी और यात्रियों से अतिरिक्त पैसा लिए जाने पर नाराजगी जताई। यात्री बनकर शौचालय पहुंचे डीआरएम ने अवैध वसूली पकड़ी।

आगरा से बनारस पहुंची वंदे भारत एक्सप्रेस

ताजनगरी आगरा से वंदे भारत ट्रेन सोमवार की रात बनारस स्टेशन पहुंची। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और रेल अधिकारियों ने यात्रियों का स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने अहमदाबाद से इस ट्रेन को वर्चुअली हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। भगवा रंग की आठ कोच की ट्रेन से उतरते ही यात्रियों ने हर-हर महादेव का उद्घोष किया। बनारस स्टेशन के लिए यह पहली वंदे भारत ट्रेन है।