UP Chunav 2022: पहले चरण की वोटिंग के बीच सहारनपुर पहुंचे पीएम मोदी, वोटर्स को किया संबोधित

UP Chunav 2022: पहले चरण की वोटिंग के बीच सहारनपुर पहुंचे पीएम मोदी, वोटर्स को किया संबोधित

(रणभेरी): आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 11 जिलों की 58 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है। इस बीच सहारनपुर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली चुनावी रैली की। उन्होंने अपने भाषण की शुरुआत में ही पहले चरण के वोटर्स को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा, 'पहले चरण के वोटर्स से क्षमायाचना करता हूं। अब दूसरे चरण के चुनाव-अभियान का आगाज कर रहा हूं। जो UP को विकास की नई ऊंचाई पर पहुंचाएगा, जो UP को अपराध से मुक्त रखेंगे, उसको ही वोट देंगे। 

इसके बाद पीएम ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला। पीएम मोदी ने कहा कि पहले की सरकारों में परिवारवाद चलता था लेकिन, भाजपा की सरकार में विकास के साथ-साथ परिवारवाद भी खत्म हुआ है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी जी की सरकार में कानून व्यवस्था ठीक हुई है। इसलिए एक बार फिर से योगी जी को मुख्यमंत्री बनाने के लिए जनता से वोट देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यूपी को दंगा मुक्त रखने वाले को वोट दें।

मोदी ने मुजफ्फरनगर और सहारनपुर के दंगों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर तो कलंक है ही, लेकिन सहारनपुर में जो भी हुआ वह भी बेहद दुखदाई है। ये दंगावादी लोग सुधरे नहीं हैं। वे मौके की तलाश में हैं। ये लोग अब राष्ट्रविरोधी तत्त्वों को अपना प्रस्तावक बना रहे हैं।PM ने सपा का बिना नाम लिए जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि जो परिवारवादी पार्टी है, उसे माफिया की चिंता है। अपने परिवार की सेवा में लगे रहने वाले लोग, परिवार का भला सोचने वाले लोग, गरीबों, दलितों, शोषितों-वंचितों के लिए कभी कुछ नहीं करते।PM ने कहा, 'साथियों, आपको याद होगा राशन माफिया? ये हमारे गरीबों का राशन भी खा जाते थे। डबल इंजन की सरकार ने इनके ये कारनामे भी देखे हैं और हमारी सरकार ने उसको बंद कर दिया, अलीगढ़ का ताला लगा दिया। चोरी-डकैती के जो काम बंद हुए, वे लामबंद होंगे कि नहीं, वे हमसे नाराज होंगे कि नहीं। क्या मुझे इससे डर जाना चाहिए, क्या मुझे आपकी भलाई के लिए काम करना बंद कर देना चाहिए'?

प्रधानमंत्री ने सभा में आए लोगों को धन्यवाद देते हुए याद दिलाया कि भाजपा ने योगी के नेतृत्व में विकास के सारे वादे पूरे किए हैं। उन्होंने कहा कि सहारनपुर खेती, किसानी के साथ ही उद्यमियों के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण जगह है। यूपी में फोरलेन से लेकर उद्योग-धंधों तक का जो विकास हुआ है, क्या कभी इस तेजी से काम होते थे? भाजपा जो संकल्प लेती है, वह पूरा करती है।

पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार गरीबों के लिए घर बनाने की योजना चलाती है। उन्होंने कहा किसानों को आत्मनिर्भर बनाना चाहते हैं। पिछली सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा कि कुछ लोग सिर्फ परिवारवाद का भला चाहते है। प्रधानमंत्री ने कहा हमने किसानों के खाते में सीधे पैसे भेजे हैं। मोदी ने कहा भाजपा अपने संकल्पों को पूरा करके दिखाती है। कहा यूपी में सिर्फ कानून व्यवस्था का राज होना चाहिए। पीएम मोदी ने कहा जब यहां ये घोर परिवारवादी लोग सत्ता में थे, तो इन्होंने सहारनपुर के शहरी इलाकों में 500 गरीबों के लिए घर बनाने की स्वीकृति दी थी। लेकिन ये 500 घर भी नहीं बना पाए, सिर्फ 200 घर बना पाए। लेकिन जब यहां 2017 में योगी जी की सरकार बनी तो, सहारनपुर में 31 हजार घरों को स्वीकृति दी और इनमें से 18,000 घरों का काम पूरा हो चुका है। अब आप ही बताइए 200-500 के बीच भी जो लटके रहते हैं उनकी जरूरत है या 31,000 वालों की जरूरत है।

PM की जनसभा को लेकर दो ADG, दो DIG, पांच SP, 12 एडिशनल SP, 21 डिप्टी SP, 18 थानों के प्रभारी, 35 निरीक्षक, 235 उपनिरीक्षक, 1150 कांस्टेबल, 16 यातायात पुलिस के उपनिरीक्षक, पांच कंपनी PAC तैनात थे। ADG राजीव सभरवाल, जिलाधिकारी अखिलेश सिंह, ASP आकाश तोमर के साथ एसपी सिटी राजेश कुमार ने भी रिमाउंट डिपो मैदान में डेरा डाले रखा।

चार हेलिपैड बनाए गए बुधवार सुबह से ही SPG ने सहारनपुर में डेरा डाल दिया था। जनसभा स्थल पर मंच के पास सुरक्षा की कमान SPG के हाथों में है, जबकि अन्य व्यवस्था अर्द्धसैनिक बलों और PAC के जवानों के अलावा पुलिस संभाल रही है। जनसथा स्थल पर चार हेलिपैड बनाए गए हैं। प्रधानमंत्री के साथ तीन हेलिकॉप्टर आएंगे। इसके अलावा CM योगी आदित्यनाथ के लिए अलग से हेलिपैड बनाया गया है।