टीवी एक्टर आशीष कपूर रेप केस में गिरफ्तार, हाउस पार्टी में हुआ था विवाद

टीवी एक्टर आशीष कपूर रेप केस में गिरफ्तार, हाउस पार्टी में हुआ था विवाद

(रणभेरी): टीवी सीरियल ये रिश्ता क्या कहलाता है और देखा एक ख्वाब जैसे धारावाहिकों में नजर आ चुके एक्टर आशीष कपूर को रेप केस में गिरफ्तार किया गया है। दिल्ली पुलिस ने बुधवार को उन्हें पुणे से दबोचा। एक महिला ने उन पर आरोप लगाया है कि अगस्त के दूसरे हफ्ते में दिल्ली में आयोजित एक हाउस पार्टी के दौरान वॉशरूम में उनके साथ दुष्कर्म किया गया।

कैसे हुआ खुलासा

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, गिरफ्तारी की पुष्टि डीसीपी (नॉर्थ) राजा बंथिया ने की है। पुलिस ने आशीष कपूर की लोकेशन गोवा से लेकर पुणे तक ट्रैक की और टीम भेजकर उन्हें गिरफ्तार किया।

पीड़िता का आरोप और बयान में बदलाव

पीड़िता ने 11 अगस्त को दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शुरुआती आरोप में कहा गया कि आशीष कपूर, उनके दोस्त और दो अन्य पुरुषों ने मिलकर रेप किया, वहीं दोस्त की पत्नी ने मारपीट की। हालांकि बाद में महिला ने बयान बदलते हुए कहा कि केवल आशीष कपूर ने ही उनके साथ दुष्कर्म किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना की वीडियोग्राफी की गई थी, लेकिन पुलिस को अब तक कोई वीडियो नहीं मिला।

पार्टी में क्या हुआ था

जांच में सामने आया कि इंस्टाग्राम के जरिए आशीष कपूर और महिला की दोस्ती हुई थी। उसी दौरान पार्टी का आयोजन हुआ। सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयान से पुष्टि हुई है कि पार्टी में आशीष और पीड़िता लंबे समय तक वॉशरूम में साथ थे। जब दोनों बाहर नहीं आए तो मेहमानों ने दरवाजा खटखटाया और मौके पर मौजूद आशीष के दोस्त की पत्नी ने ही पुलिस कंट्रोल रूम को कॉल किया था।

अदालत की कार्यवाही

21 अगस्त को आशीष कपूर के दोस्त और उनकी पत्नी ने अग्रिम जमानत की अर्जी दी, जिसे कोर्ट ने मंजूर कर लिया। सुनवाई के दौरान पीड़िता भी मौजूद थीं, लेकिन उन्होंने अपनी दलीलों में दोस्त का नाम नहीं लिया। फिलहाल मामला रेप के आरोप में दर्ज किया गया है, गैंगरेप की धारा हटा दी गई है।

कौन हैं आशीष कपूर

आशीष कपूर टीवी इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम हैं। उन्होंने टीवी सीरियल देखा एक ख्वाब और ये रिश्ता क्या कहलाता है में काम किया है। फिल्मों में भी वे नजर आ चुके हैं, जिनमें कुर्बान, टेबल नंबर 21 और इनकार जैसी फिल्में शामिल हैं। हालांकि बीते कुछ वर्षों से वे पर्दे से दूर थे।