पति-पत्नी के बीच खाना बनाने को लेकर हुआ था विवाद,पत्नी ने फंदे से झूलकर दी जान

पति-पत्नी के बीच खाना बनाने को लेकर हुआ था विवाद,पत्नी ने फंदे से झूलकर दी जान

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के नई बस्ती लहरतारा में बुधवार को घरेलू विवाद के चलते एक महिला ने बीती रात संदिग्ध हालात में फांसी लगाकर जान दे दी। इस घटना की जानकारी परिजनों को गुरुवार सुबह को हुई। घर के दूसरे कमरे में महिला का फंदे से लटकता शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। बीती रात खाना बनाने के बाद हुए विवाद के बाद ऐसा खौफनाक कदम उठाने वाली महिला रेलवे कर्मी की पत्नी थी। जानकारी के अनुसार मंडुवाडीह क्षेत्र के नई बस्ती लहरतारा में रवि पांडेय के मकान में उत्तर रेलवे में टेक्नीशियन पद पर तैनात दिलीप चंद्र अपनी पत्नी संगीता देवी के साथ किराए पर रहते थे। दिलीप ने बताया की पहली पत्नी की मौत कुछ वर्षों पूर्व हो गई थी। लगभग तीन साल पहले कानपुर जनपद के रावतपुर निवासिनी संगीता से शादी हुई। 

पहली पत्नी से तीन पुत्र हैं। सभी की शादी हो चुकी है। इनमें से केवल एक पुत्र अभिषेक भारती अपनी पत्नी के साथ दिलीप के साथ रहता है। मौजूदा समय में अभिषेक की पत्नी मायके में है। दिलीप ने बताया की बुधवार रात खाना बनाने को लेकर पत्नी से विवाद हो गया। झगड़े के बाद दोनों बिना खाना खाए ही सो गए। गुरुवार सुबह जब दिलीप की नींद खुली तो पास में पत्नी को न पाकर परेशान हो गया।आवाज लगाई तो कोई हरकत नहीं हुई। तब पत्नी की तलाश में वह दूसरे कमरों में झांकने लगा। एक कमरे संगीता साड़ी के सहारे फंदे से लटक रही थी। आननफानन में उन्होंने पुलिस को सूचना दी।घटना की सूचना पाकर मंडुवाडीह थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला के मायके वालों को घटना की सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।मौके पर पहुंचे मंडुवाडीह थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने फॉरेंसिक टीम को बुलाया। थानाध्यक्ष मंडुवाडीह राजीव कुमार सिंह ने बताया कि पति-पत्नी दोनों की यह दूसरी शादी थी। मायके वालों को सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मायके वालों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।