मौसम का बदलेगा मिजाज, अगले तीन दिन तक गरज- चमक के साथ बारिश के आसार

वाराणसी (रणभेरी सं.)। काशी पश्चिमी विक्षोभ की चपेट में है। हर दिन मौसम अपना नया रंग बदल रहा है। होली के बाद से ही मौसम में बदलाव का सिलसिला जारी है। पछुआ हवा चलने से तापमान में गिरावट आई है। इधर, मंगलवार के बाद बुधवार की सुबह भी मौसम सामान्य रहा। हालांकि दिन चढ़ने के साथ धूप तेज होने लगी।
20 से 22 तक हो सकती है बारिश
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार जिले में 20 से 22 मार्च तक गरज और चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं आज भी तेज हवा चलने का अनुमान है। 23 मार्च से मौसम साफ हो जाएगा। अगले 24 घंटे में तापमान 2 डिग्री तक नीचे आ सकता है। वहीं उसके बाद पारा 3 डिग्री तक ऊपर चढ़ेगा। मंगलवार को सुबह से दोपहर तक 24 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बही पछुआ ने एक दिन में पारा को चार डिग्री सेल्सियस तक तापमान गिरा दिया। वहीं, बीते तीन दिनों में बनारस का तापमान आठ डिग्री तक कम हो गया है।
ऐसा रहा मंगलवार का मौसम
मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान सामान्य से भी 1.9 डिग्री कम 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रात का तापमान 18 डिग्री रहा। दिन में तेज धूप तो पूरे 12 घंटे तक निकली रही, लेकिन 4 दिन पहले जैसा तीखापन या गर्मी नहीं थी। होली के अगले दिन यान कि बीते शनिवार के मुकाबले तापमान करीब आठ डिग्री नीचे गिर गया है। इससे काशीवासियों को काफी राहत महसूस हुई है। कई दिनों से तप रहे घाटों पर पर्यटकों की संख्या बढ़ गई।