प्रचंड गर्मी का कहर : आसमान से बरसने लगे शोले

सड़क से लेकर गंगा घाट तक सन्नाटा, पछुवा शुष्क हवा के चलने से दिन प्रतिदिन तापमान में हो रही बढ़ोतरी
वाराणसी (रणभेरी सं.)। गर्मी के कहर से लोग पूरी तरह से बेहाल नजर आ रहे हैं। शक्रवार को आसमान से आग बरस रही थी। यही कारण था कि पारा 44 डिग्री पर जा पहुंचा। न्यूनतम तापमान में भी इजाफा हुआ है और पारा 27.6 डिग्री पर जा पहुंचा। गर्मी की हालत यह कि देर रात तक गर्म हवा चल ही है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि शनिवार को तापमान 45 को पार कर जायेगा। तापमान बढ़ने से दिन में लू चलेगी और रात भी काफी गर्म रहेगी। मौसम के बदले मिजाज के बीच रोज पारा चढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को सुबह से ही आसमान साफ था और दिन चढ़ने के साथ गर्मी परेशान करने लगी। दिन तक तो एक तरफ जहां सूरज की किरणें आग बरसा रहीं थी तो दूसरी ओर हवा में भी गर्मी काफी थी जिससे चेहरा झुलस जा रहा था। जैसे जैसे दिन चढ़ता गया वैसे वैसे गर्मी भी परेशान करती रही। हालत यह हुई कि अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस अधिक 43.9 पर पहुंच गया। रात का तापमान सामान्य से 1.4 अधिक 27.6 दर्ज किया गया। इस प्रकार शुक्रवार को औसत तापमान 35.75 दर्ज किया गया। गर्मी के कारण दिन में सड़क से लेकर गंगा घाट तक सन्नाटा पसरा नजर आ रहा है। पछुवा शुष्क हवा चलने से दिन प्रतिदिन तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। वायुमंडल में सुबह के समय आर्दता की मात्रा रात में कुलिंग के चलते 71 प्रतिशत रहा, जबकि दिन में चटक धूप के चलते शाम को घट कर 15 प्रतिशत पर आ गया। मौसम वैज्ञानिक प्रो एसएन पाण्डेय ने बताया की आसमान साफ रहने तथा राजस्थान से आनेवाली शुष्क हवा के चलते तापमान बढ़ रहा है। उन्होंने बताया की आनेवाले दिनों में अभी तापमान बढ़ेगा, इससे दिन में हिटवेब के साथ ही रात भी काफी गर्म रहेगी। उन्होंने लोगों को आगाह किया की बहुत जरूरी हो तभी दोपहर के समय घर से बाहर निकले। घर से बाहर निकलते समय भरपेट पानी व तरल पदार्थ पी कर ही निकले।
तवे सरीखी तप रही जमीन
प्रचंड गर्मी से बुरा हाल है। शुक्रवार को दिन में लू ने लोगों को बेहाल कर दिया। तापमान 45 डिग्री तक पहुंच गया। बनारस प्रदेश में पांचवां सबसे गर्म जनपद रहा। यह इस सीजन का सबसे गर्म दिन भी रहा। शनिवार को भी राहत के आसार नहीं हैं। रविवार से तापमान में कुछ कमी की उम्मीद है। 20 और 21 मई को हल्की बारिश हो सकती है। शुक्रवार को दोपहर में बाजारों में भीड़ कम हो गई थी। 22 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही गर्म हवा के थपेड़ों ने विचलित कर दिया। दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक तापमान 40 डिग्री से अधिक बना रहा। सूरज ढलने के बाद भी राहत नहीं मिली। दिन का तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक 45 और रात का सामान्य से 1.7 डिग्री ज्यादा 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने कहा कि 20 और 21 मई को बारिश के आसारहैं। रविवार को ताप से राहत मिल सकती है।
किसान दोपहर में न करें सिंचाई
कृषि मौसम सेवा (भूभौतिकी विभाग बीएचयू) के नोडल अधिकारी प्रो. रविशंकर सिंह और तकनीकी अधिकारी शिवमंगल सिंह ने कहा कि लू के मद्देनजर फसलों में सुबह या शाम सिंचाई करें। दोपहर में सिंचाई न करें।
डायरिया पीड़ित बढ़े, जुकाम ने भी जकड़ा
प्रचंड गर्मी में डायरिया के मरीज बढ़ गए है। कई लोग सर्दी और जुकाम की चपेट में भी है। खानपान में गड़बड़ी से डायरिया हो रहा है। शुक्रवार को मंडलीय अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की कतार लगी थी। ज्यादातर डायरिया, उल्टी-दस्त, डीहाइड्रेशन के मरीज थे। पांडेयपुर स्थित मंडलीय अस्पताल में था। डॉ. मनीष यादव ने सलाह दी है कि पानी पीयें, खाली पेट न रहें।
ये सावधानियां बरतना जरूरी
- दोपहर 12 से 3 बजे तक बाहर निकलने से बचें।
- जितनी बार हो सके पानी पीएं।
- हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनें।
- धूप से बचाव को गमछा, टोपी,छाता, धूप का चश्मा, जूते और चप्पल का इस्तेमाल करें।
- यात्रा के दौरान पानी साथ रखें।
- गीले कपड़े को चेहरे, सिर और गर्दन पर रखें।