प्रधानाचार्य को गोली मारने वाला छात्र गिरफ्तार

प्रधानाचार्य को गोली मारने वाला छात्र गिरफ्तार

(रणभेरी): उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के सदरपुर थाना इलाके में हांगीराबाद के आदर्श रामस्वरूप इंटर कालेज के प्रधानाचार्य को इंटर के दो छात्रों ने गोली मार दी। प्रधानाचार्य को गोलियां मारने वाले छात्र को पुलिस ने नदिया मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया है। वहीं प्रधानाचार्य का इलाज जारी है। सदरपुर थाना इलाके के जहांगीराबाद कस्बे में आदर्श रामस्वरूप विद्यालय इंटर कॉलेज स्थित है। जहां पर दानपुरवा गांव के निवासी राम सिंह वर्मा प्रधानाचार्य हैं। शुक्रवार को इंटर क्लास के छात्र रेवान निवासी गुरविंदर सिंह और रोहित मौर्य के बीच प्रैक्टिकल की फाइल और सीट पर बैठने को लेकर विवाद हो गया था। जिसके बाद प्रधानाचार्य ने छात्र गुरविंदर को पीट दिया था। मामला शांत हो गया था। 

शनिवार सुबह करीब सात बजे प्रधानाचार्य राम सिंह वर्मा विद्यालय की बन रही दुकानों की देखरेख कर रहे थे। इस दौरान गुरविंदर सिंह ने अवैध असलहे से राम सिंह वर्मा के ऊपर गोली चला दी। आरोपी ने तीन राउंड फायर किया। जिसमें दो गोलियां प्रधानाचार्य को लगीं। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी गुरविंदर वहां से फरार हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को लखनऊ में भर्ती कराया था जहां उनका इलाज जारी है।