दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों पर वोटिंग: राहुल गांधी से लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तक कई दिग्गज नेताओं ने डाले वोट
दिल्ली (रणभेरी): दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 70 सीटों पर आज मतदान जारी है। सुबह से वोटिंग शुरू है, आम जनता से लेकर दिग्गज नेताओं में भी वोटिंग को लेकर काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। पोलिंग बूथ पर लोगों की लंबी लाइन लगी हुई हैं। देश की राष्ट्रपति द्रौपदि मुर्मू ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय विद्यालय में जाकर अपना वोट डाला। दिल्ली की सीएम और कालकाजी विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार आतिशी ने भी पोलिंग बूथ जाकर मतदान किया। इस फोटोज में आप देख सकते हैं विदेश मंत्री एस जयशंकर ने नई दिल्ली क्षेत्र के एक पोलिंग बूथ में जाकर अपना वोट डाला। पूर्व CM अरविंद केजरीवाल अपने माता-पिता को व्हीलचेयर पर मतदान कराने पहुंचे। उधर प्रियंका गांधी भी मां सोनिया, पति रॉबर्ट वाड्रा और बेटे के साथ वोटिंग करने आईं। राहुल गांधी वोटिंग शुरू होने के एक घंटे के भीतर मतदान करके पटना रवाना हुए।
11 बजे तक 19.95% वोटिंग हो चुकी है। सबसे ज्यादा 24.87% मतदान नार्थ ईस्ट दिल्ली में हुआ। यह भाजपा सांसद मनोज तिवारी का संसदीय क्षेत्र है।
वोटिंग के दौरान AAP के 2 विधायकों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। AAP विधायक दिनेश मोहनिया के खिलाफ एक महिला ने संगम विहार थाने में फ्लाइंग किस देने का केस दर्ज कराया है। वहीं, ओखला विधानसभा से AAP विधायक अमानतुल्लाह खान के खिलाफ जामिया नगर थाने में आचार संहिता के उल्लंघन का केस दर्ज किया है। वोटिंग के बाद CM आतिशी ने कहा- दिल्ली का चुनाव धर्मयुद्ध है। नई दिल्ली सीट से भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने कहा कि इस बार जनता प्रधानमंत्री मोदी के विजन को दिल्ली में लाने के लिए वोट कर रही है। कांग्रेस नेता अजय माकन ने कहा- लोग शीला दीक्षित के विकास के दिन याद कर रहे हैं।