जल्द ही यूक्रेन में फंसे18,000 भरतीयों की होगी वतन वापसी, कीव से दिल्ली के लिए 22, 24 और 26 फरवरी को उड़ान भरेंगे विमान

जल्द ही यूक्रेन में फंसे18,000 भरतीयों की होगी वतन वापसी, कीव से दिल्ली के लिए 22, 24 और 26 फरवरी को उड़ान भरेंगे विमान

(रणभेरी): यूक्रेन और रूस के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है। यूक्रेन की राजधानी कीव पर रूस कभी भी हमला कर सकता है। ऐसे में यूक्रेन पर हमले की आशंका के बीच वहां वहां फंसे भारतीय छात्रों को सुरक्षित निकालने के लिए भारत सरकार ने अपने नागरिकों को वापस वतन लाने के लिए पहल की है। सरकार ने यूक्रेन की राजधानी कीव से दिल्ली के बीच फ्लाइट चलाने का फैसला किया है।एयर इंडिया ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। 

बताया गया है कि 22, 24 और 26 फरवरी को कीव के बोरिस्पोल इंटरनेशल एयरपोर्ट से दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशल एयरपोर्ट के बीच उड़ानें भरी जाएंगी। फ्लाइट्स के लिए बुकिंग एयर इंडिया कार्यालयों, वेबसाइट, कॉल सेंटर और ट्रैवल एजेंट के जरिए की जा सकती है।रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे विवाद की वजह से भारत के लिए उड़ानें महंगी हो गई हैं और 20 फरवरी के बाद ही उपलब्ध हैं। एक टिकट की कीमत एक लाख रुपए तक पहुंच गई है। एयर इंडिया की फ्लाइट शुरू होने से टिकट के दाम कुछ कम हो सकते हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार, यूक्रेन में पढ़ाई कर रहे करीब 18,000 भारतीय छात्र फंसे हैं।

भारत के सिविल एविएशन मंत्रालय ने हाल ही में एयर बबल समझौते के तहत दोनों देशों के बीच आने-जाने वाली उड़ानों की संख्या पर बैन हटाया है। अब एयरलाइंस कंपनियां कितनी भी फ्लाइट्स संचालित कर सकती हैं।यूक्रेन में फंसे भारतीयों ने केंद्र सरकार के इस कदम की सराहना की है और धन्यवाद कहा है। इससे पहले यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने कहा था उनके पास कई सारे लोगों के फोन आ रहे हैं। यह सभी नागरीक यूक्रेन से भारत के लिए उड़ानें उपलब्ध नहीं होने को लेकर शिकायतें कर रहे हैं।