गिरजाघर चौराहे पर रोज ठहरती शहर की सांस
- रोपवे का कार्य प्रगति पर लेकिन बेचारी जनता भुगत रही खामियाजा
- जनता की असुविधा के लिए प्रशासन को कुछ लेना-देना नहीं
- पुजइया पर निकले वर- वधू भी इस गिरजाघर चौराहे की भूल-भुलैया में भटकते रहे
- सुबह हो या शाम हमेशा जाम ही जाम से है लोग परेशान
वाराणसी (रणभेरी सं.)। गिरजाघर पर बन रहे रोपवे का कार्य इन दिनों काफी तेजी से चल रहा है लेकिन इसका खामियाजा बेचारी जनता भुगत रही है। गिरजाघर चौराहे पर आते ही वहां लिखा है- रोपवे का कार्य प्रगति पर है। इस मार्ग को पूर्णतया बंद कर दिया गया है। लेकिन यह नहीं लिखा गया है कि इस असुविधा के लिए हमें खेद है। शायद प्रशासन को जनता की असुविधा के लिए कुछ लेना-देना नहीं रह गया है। इस मार्ग पर आने-जाने वाले हजारों नागरिक एवं पर्यटक इसका खामियाजा भुगत रहे हैं। इतना ही नहीं मंगलवार को शादी के बाद पुजइया पर निकले वर- वधू भी इस गिरजाघर चौराहे की भूल-भुलैया में भटकते रहे। नव नवेली दुल्हन भी घूंघट की ओट में इस जगह से हटने के लिए इधर-उधर देखती रही।

गिरजाघर चौराहे के बीचोबीच आधे रास्ते को बैरिकेडिंग कर दिया गया है। चौराहे के बीच में काफी जगह के घेर कर उसमें भारी-भारी मशीनें रख दी गई है। गिरजाघर से गोदौलिया जाने वाले मार्ग को पहले से ही पूर्णतया बंद कर दिया गया है। सड़क के किनारे एक छोटी सी जगह बना कर कुछ राहगीरों को वहां से आगे बढ़ाया जा रहा है। उधर गिरजाघर पर जहां रोपवे बन रहा है वहां की भी स्थिति लगभग यहीं है। यहां पर भी रास्ता पूरी तरह से बंद है।

सड़क के किनारे से एक संकरी जगह में जाने के लिए लोग बाध्य हो रहे हैं। लक्सा से गिरजाघर व गिरजाघर से गोदौलिया जाने वाले मार्ग की हालत इन दिनों सबसे बदतर है। कोई भी इधर से जाने को तैयार नहीं है। लेकिन जिन लोगों का आवश्यक कार्य है उन्हें तो यहीं मार्ग पकड़ना ही है। बेनियाबाग से गिरजाघर होते हुए, रामापुरा-रेवड़ी तालाब से होकर लोग भेलूपुर निकल जाते हैं। वहीं चौक से गोदौलिया होकर लोग जंगमबाड़ी- मदनपुरा होकर सोनारपुरा-अस्सी निकल जाते हैं। लेकिन इन दिनों यह दोनों ही मार्ग जाम से रोजाना अवरुद्ध हो जा रहा है। सुबह हो या शाम हमेशा जाम ही जाम से यह इलाका पूरी तरह झेलता रहता है।











