स्वामी अड़गड़ानंद के परमहंस आश्रम में चली गोली, एक साधु की मौत, दूसरा घायल

स्वामी अड़गड़ानंद के परमहंस आश्रम में चली गोली, एक साधु की मौत, दूसरा घायल

(रणभेरी): मिर्जापुर जिले के सक्तेशगढ़ स्थित स्वामी अड़गड़ानंद के परमहंस आश्रम में गुरुवार सुबह भक्त और आश्रम के लोग सुबह की दिनचर्या में लीन थे। तभी गोली चलने की आवाज आई। लोगों ने देखा तो गोली लगने से एक साधु की मौत हो चुकी थी जबकि दूसरा घायल अवस्था में था। घायल को आश्रम के लोग आनन-फानन चंदौली स्थित एक निजी अस्पताल लेकर चले गए। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो उसे सिर्फ एक साधु मृत मिले। सिर में गोली लगी थी। पुलिस के मुताबिक साधु ने खुद को गोली मारकर खुदकुशी की है।इसके बाद सीसी कैमरे की पड़ताल करने पर पता चला कि एक और साधु को गोली लगी है। जो चंदौली में भर्ती हैं। घटना के दौरान स्वामी अड़गड़ानंद आश्रम में मौजूद थे। मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं।

सीओ चुनार रामानंद राय फील्ड यूनिट व  डाग स्क्वाड के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर जीवन बाबा उर्फ जीत (45) पुत्र सियाराम निवासी छतरी थाना सीहोर जनपद शिवपुर मध्य प्रदेश का शव मिला। जिनके सिर में गोली लगी थी।  सीओ की पड़ताल में पता चला कि जीवन बाबा ने खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली। मौके से दो तमंचे बरामद हुए। दोपहर 12 बजे तक आशीष महाराज को गोली लगने की बात को आश्रम के लोगों ने छिपाए रखा। दो लोगों को गोली लगने की जानकारी होने पर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने एएसपी नक्सल महेश सिंह अत्रि को मामले की जांच के लिए घटनास्थल पर भेजा।

फोरेंसिक जांच के बाद पाया गया कि एक और व्यक्ति को गोली लगी है। मिर्जापुर के अस्पताल और अन्य अस्पताल में पता किया गया, पर पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस ने अपने सूत्रों से पता लगाया कि आशीष बाबा को गोली लगी है। वह चंदौली के अस्पताल में भर्ती हैं।सीओ सिटी चंदौली द्वारा मौके पर जाकर पता किया गया। जिसके बाद आशीष बाबा को गोली लगने की पुष्टि हुई है। आशीष बाबा नामक साधु को चंदौली के आरडी मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार उनकी कमर में फंसी गोली निकाल दी गई है। ऑपरेशन भी पूरा हो चुका है। वे खतरे से बाहर हैं।