सलमान और उनके पिता को मिली धमकी, जाने क्या लिखा है खत में

 सलमान और उनके पिता को मिली धमकी, जाने क्या लिखा है खत में

(रणभेरी): बॉलीवुड के सलमान खान और उनके पिता सलीम खान को जान से मारने का धमकी भरा लेटर मिला है। धमकी भरा लेटर मिलने के बाद उनकी सिक्योरिटी बढ़ा दी गई है। महाराष्ट्र होम डिपार्टमेंट ने धमकी मिलने के बाद एक्शन लिया है। सलमान खान के पिता सुबह जब जोगिंग पर गए तो जहां वह बेंच पर बैठे थे वहां उनके और उनके बेटे सलमान खान के नाम से धमकी भरा एक पत्र उन्हें मिला। इस लेटर में लिखा था कि सलमान खान का भी सिद्धू मूसेवाला कर देंगे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। खत सुबह 7:30 से 8:00 बजे के करीब सलीम खान को मिला। 

हाल ही में पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला दिन दहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उन पर एक साथ कई लोगों ने हमला कर करीब 25-30 गोलियां बरसाई थीं। इस हमले में ही उनकी जान चली गई थी। सिद्धू मूसेवाला के निधन के बाद से पूरी इंडस्ट्री में शोक पसरा हुआ है। इसी बीच सलमान खान को धमकी भरा लेटर मिलने के बाद उनके फैंस परेशान हो गए हैं। 

मूसेवाला की हत्या में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का नाम आया था। उसने 2008 में भी सलमान को जान से मारने की धमकी दी थी। इसी के मद्देनजर मुंबई पुलिस ने सलमान की सुरक्षा बढ़ाने का फैसला किया था। अब सलमान के साथ उनके प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड तो रहेंगे ही, साथ ही मुंबई पुलिस के कुछ सिपाही भी रहेंगे। मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, 'हमने सलमान खान की सुरक्षा बढ़ाई है। पुलिस यह सुनिश्चित करने के लिए उनके अपार्टमेंट के आसपास मौजूद रहेगी कि कोई भी गिरोह किसी तरह की हरकत न करे।'

लॉरेंस बिश्नोई ने कथित तौर पर काले हिरण का शिकार करने के मामले में सलमान खान की हत्या की साजिश रची थी। बिश्नोई समुदाय काले हिरण को पवित्र मानता है, इसलिए इसका शिकार करने के आरोपी सलमान खान को लॉरेंस ने जान से मारने की धमकी दे डाली थी। साल 2008 में अदालत के बाहर लॉरेंस बिश्नोई ने कहा था कि वह जोधपुर में सलमान खान को मार देगा। उसने यह भी कहा था, 'अभी तो मैंने कुछ किया नहीं है, लेकिन जब सलमान खान को मारेंगे तो पता चल जाएगा। फिलहाल मुझे फालतू में घसीटा जा रहा है।' सलमान खान हाल ही में अबू धाबी के यास आइलैंड में हुए IIFA अवॉर्ड्स को होस्ट करने पहुंचे थे। इसके अलावा वे 'कभी ईद कभी दिवाली' की शूटिंग में बिजी हैं। सल्लू टाइगर सीरीज की तीसरी फिल्म 'टाइगर-3' पर भी काम कर रहे हैं। इस फिल्म में उनके साथ कटरीना कैफ भी नजर आएंगी।