बारिश बाद मरम्मत की दुहाई मांग रही गढ्ढों से पटी सड़कें

बारिश बाद मरम्मत की दुहाई मांग रही गढ्ढों से पटी सड़कें

वाराणसी (रणभेरी सं.)। बनारस की सड़को का हाल बेहाल है।  लोग  अपने क्षेत्र में निकलते हैं तो डर-डरकर चलते हैं। क्योंकि उनके क्षेत्र की सड़कें इतना अधिक खराब हैं कि थोड़ी सी चूक होने पर गिरना तय है। गिरिजाघर से लेकर भेलूपुर थाने तक एक-दो नहीं बल्कि 80 गड्ढे हैं। यही हाल सोनिया से औरंगाबाद की सड़क का है। यही नहीं वरुणापार जोन के चांदमारी एरिया की सड़क इतनी अधिक खराब है कि संभलकर न चले तो गिरना तय है। दरअसल, बारिश का पानी इतना अधिक भरा है कि आम लोग भी परेशान है। घुटने भर पानी में हिल कर आना और जाना पड़ता है। नगर निगम की 386 सड़कों में से 200 से अधिक सड़कें खराब हैं। इन सड़कों पर वाहन चलना तो दूर पैदल चलना भी दूभर है। बारिश ने नगर निगम के सड़कों की पोल खोल दी है।

चांदमारी में सड़क की हालत काफी खराब है। बारिश के बाद कई दिनों तक सड़क पर पानी जमा रहता है। लोग घुटने भर पानी के बीच आवागमन करते है।  टोटो हो या फिर दोपहिया वाहन चालक उतरकर पैदल जाने को मजबूर होते हैं। सड़क के उबड़-खाबड़ होने से लोग भी संभलकर निकलना पड़ता है। वही हाल शहर के सोनिया-सिगरा मार्ग का है। यहां सड़क बने हुए अभी चार महीने नहीं हुआ लेकिन सड़क पर 50 से अधिक गड्ढे हो गए। जब आप सिगरा से सोनिया की ओर बढ़ेंगे तो पहले गांधीनगर की ओर सड़क जाती है।  इस कॉलोनी की भी सड़क में 30 से अधिक गडढ़े दिखेंगे। इसके बाद सोनिया से औरंगाबाद की ओर आगे जाने पर हर दो मीटर के बीच गड्ढे देखने को मिलेंगे। कई जगह तो बारिश का पानी अभी भी गड्ढों में भरा हुआ है। हालात यह है कि साइकिल सवार हो या फिर दोपहिया वाहन चालक, कई बार गिरकर चोटहिल हो चुके हैं।

पांच जोन में 3 किमी सड़क खराब

नगर निगम में 8 जोन हैं, लेकिन पांच जोन में सबसे अधिक सड़कें खराब हैं। इन पांचों जोन में बारिश के बाद 3 किलोमीटर तक की सड़कों की मरम्मत का कार्य किया जाएगा। इन सड़कों पर एक दो नहीं बल्कि सैकड़ों गड्ढे हो चुके हैं। इन गड्ढों से पब्लिक परेशान है। लोगों का कहना है कि नगर निगम न जाने किस तरह से सड़कों की मरम्मत करता है कि चार महीने भी ठीक से नहीं चल पाती।

इन इलाकों की सड़कें खराब

रमाकांत नगर कॉलोनी, बादशाह बाग कॉलोनी, पितरकुंडा, लल्लापुरा, औरंगाबाद, जद्दूमंडी, पान दरीबा, नई सड़क, बेनियाबाग, कबीरचौरा, महमूरगंज, सिगरा, सिद्धगिरीबाग, सोनिया, भोगाबीर, साकेतनगर, कबीर नगर, दुगार्कुंड, भगवानपुर नाÞी इमली आदि इलाकों की सड़कें खराब हैं।