राहुल गांधी ने लाल चौक पर फहराया तिरंगा, ट्वीट कर कहा- 'भारत से किया वादा आज पूरा हुआ'

राहुल गांधी ने लाल चौक पर फहराया तिरंगा, ट्वीट कर कहा- 'भारत से किया वादा आज पूरा हुआ'

श्रीनगर (रणभेरी): कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा इन दिनों जम्मू-कश्मीर में अपने आखिरी पड़ाव पर है। सोमवार को भारत जोड़ो यात्रा का समापन है और इससे पहले रविवार को राहुल गांधी ने जम्मू-कश्मीर के लाल चौक पर दोपहर 12 बजे तिरंगा फहराया। इस दौरान विजयी विश्व तिरंगा प्यारा से श्रीनगर गूंज उठा। आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। पदयात्रा सुबह पंथा चौक से शुरू जो श्रीनगर शहर के बुलेवार्ड रोड पर नेहरू पार्क के पास समाप्त होगी। तीस जनवरी को एसके स्टेडियम में सार्वजनिक रैली की जाएगी। इसमें 23 विपक्षी राजनीतिक दलों को आमंत्रित किया गया है। इसके बाद यात्रा का समापन होगा। इससे पहले सुरक्षा में चूक के घटनाक्रम के बाद शनिवार को तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के बीच चुरसू गांव अवंतिपोरा से यात्रा बहाल हुई।

प्रियंका गांधी और वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी में राहुल गांधी ने तिरंगा फहराया। तिरंगा फहराने के बाद राहुल गांधी ने ट्वीट किया कि देश से किया वादा उन्होंने पूरा कर दिया है। इसके बाद यात्रा बिरला ओपन माइंड्स इंटरनेशनल स्कूल गैलेंडर पांपोर से होते हुए पंथा चौक पर पहुंची। पुलवामा से पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती, उनकी बेटी इल्तिजा मुफ्ती और पार्टी से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता राहुल के साथ यात्रा में शामिल हुए। इसके अलावा पुलवामा में ही प्रियंका गांधी भी शामिल हुईं।महबूबा मुफ्ती ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा कश्मीर में ताजी हवा की सांस की तरह है, क्योंकि इतनी बड़ी संख्या में लोगों को 2019 के बाद पहली बार घरों से बाहर निकलने का मौका मिला है। केंद्र सरकार ने पांच अगस्त, 2019 को अनुच्छेद 370 को निरस्त किया था और उसके बाद इतनी बड़ी संख्या में लोगों को बाहर नहीं आने दिया गया।राहुल के साथ चलना एक शानदार अनुभव था। यह बात महबूबा मुफ्ती ने ट्वीट के जरिये कही। भारत जोड़ो यात्रा के लिए पहले से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सुरक्षा बलों की ओर से यात्रा के शुरुआती बिंदु तक जाने वाली सभी सड़कों को सील कर दिया गया था। केवल अधिकृत वाहनों और पत्रकारों को ही यात्रा स्थल तक जाने की अनुमति दी गई। राहुल गांधी के चारों ओर तीन स्तरीय सुरक्षा घेरा रहा। दक्षिण कश्मीर के चुरसू इलाके में उत्साही समर्थकों ने यात्रा का स्वागत किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक तिरंगे व पार्टी के झंडे लेकर यात्रा में शामिल हुए। राहुल गांधी ने सफेद रंग की टी-शर्ट और स्लीवलेस जैकेट में में पदयात्रा शुरू की। 

कांग्रेस के महासचिव व भारत जोड़ो यात्रा के संचार प्रभारी जयराम रमेश ने कहा कि कांग्रेस को 2024 के आम चुनावों में भाजपा का मुकाबला करने के लिए किसी भी विपक्षी गठबंधन का आधार बनना होगा, क्योंकि कांग्रेस ही एकमात्र बड़ी विपक्षी पार्टी है। उन्होंने कहा कि वह निश्चित रूप से इस साल गुजरात के पोरबंदर से अरुणाचल प्रदेश के परशुराम कुंड तक एक और यात्रा करने के पीछे अपना वजन डालेंगे, लेकिन पार्टी को अंततः इस पर फैसला करना है। रमेश ने दावा किया कि भाजपा भले ही सत्ता में हो सकती है, लेकिन उपस्थिति के मामले में कांग्रेस एकमात्र राष्ट्रीय राजनीतिक ताकत है। राहुल गांधी का मुख्य संदेश हमेशा पहले संगठन का निर्माण करना रहा है और सत्ता बाद में आएगी। भारत जोड़ो यात्रा के साथ, इस (संगठनात्मक जीवन शक्ति) को बढ़ावा और गति मिली है, लेकिन इसे बनाए रखना होगा। वर्ष 1983 में चंद्रशेखर ने कन्याकुमारी से दिल्ली तक तीन हजार किमी. की भारत यात्रा निकाली थी, जिसके बाद देश में इतनी बड़ी राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा निकाली गई है। इसमें सभी समान सोच वाले दल शामिल हुए हैं। जिसमें नेकां, पीडीपी, डोगरा स्वाभिमान संगठन, अवामी नेशनल कान्फ्रेंस, शिवसेना, जेडीयू, एनसीपी आदि शामिल हुए। जयराम रमेश ने कहा कि मैंने कभी नहीं सोचा था कि पार्टी के पूर्व नेता गुलाम नबी आजाद ''मीर जाफर'' बनेंगे। जम्मू-कश्मीर में राज्य का दर्जा बहाल करके चुनाव कराए जाएं। उन्होंने ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के असदुद्दीन ओवैसी और आम आदमी पार्टी (आप) की सूची में अन्य लोगों के साथ वोटों को विभाजित करने की भाजपा की योजना के तहत डेमोक्रेटिक आजाद पार्टी (डीएपी) के प्रमुख गुलाम नबी आजाद को सूचीबद्ध किया। कांग्रेस से उनका जाना वोट काटने के लिए मोदी-शाह की गेम-प्लान का हिस्सा था। यह पूछे जाने पर कि क्या आजाद अपने डीएपी से कांग्रेस की संभावनाओं में सेंध लगाएंगे, रमेश ने कहा कि ज्यादातर कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता जो आजाद के साथ चले गए थे, पार्टी में लौट आए हैं। कांग्रेस के महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि शनिवार को भारत जोड़ो यात्रा का 134वां दिन था। रविवार को यात्रा करीब 4080 किलोमीटर का सफर पूरा कर लेगी। इसके अगले दिन 30 जनवरी की सुबह 10 बजे श्रीनगर पीसीसी मुख्यालय में राष्ट्रीय ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 11.30 बजे से 1 बजे तक शेर-ए-कश्मीर मैदान श्रीनगर में रैली होगी। यात्रा को संपन्न होने में 136 दिन लगेंगे। इस बीच यात्रा को दिल्ली में 9 दिन ब्रेक दिया गया था। यात्रा तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, फिर हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर में पहुंची। यात्रा में 75 जिले कवर किए गए। इसमें 116 दिन पदयात्रा हुई। इसमें रोजाना औसतन 23-24 किमी की पदयात्रा की गई। रविवार को श्रीनगर में दोपहर तीन बजे राहुल गांधी प्रेसवार्ता को संबोधित करेंगे। नेकां के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने कहा कि राहुल गांधी की अगुवाई वाली भारत जोड़ो यात्रा को कश्मीर में अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। लेकिन टीवी मीडिया और कश्मीर विशेषज्ञ इस बारे में चुप हैं। चैनल वास्तव में इसके बारे में बात नहीं करना चाहते हैं। यात्रा को कश्मीरियों से बहुत अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। हर वर्ग के लोग सड़कों पर खड़े रहकर यात्रा का स्वागत कर रहे हैं। सबसे स्पष्ट चुप्पी उन कश्मीर विशेषज्ञों की है, जो कश्मीरियों को राष्ट्र-विरोधी, सांप्रदायिक, असहिष्णु के रूप में चित्रित करने का कोई अवसर नहीं गंवाते हैं।