7 नवंबर को काशी में दिव्य और भव्य देव दीपावली की साक्षी बनेंगी राष्ट्रपति

7 नवंबर को काशी में दिव्य और भव्य देव दीपावली की साक्षी बनेंगी राष्ट्रपति

वाराणसी (रणभेरी): दीपावली से ठीक 15 दिन बाद काशी के अर्द्धचंद्राकार घाटों पर सजने वाली भव्य और दिव्य देव दीपावली की साक्षी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू देव होंगी।सात नवंबर को होने वाले आयोजन में राष्ट्रपति बनारस पहुंचेंगी। राष्ट्रपति के स्वागत के लिए राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी बनारस पहुंच रहे हैं। देव दीपावली की भव्यता को अंतिम रूप देने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। अस्सी से राजघाट के बीच घाटों को सजाया जाएगा और संभावना है कि राष्ट्रपति गंगा की लहरों पर सवार होकर गंगा घाटों की भव्यता भी निहारेंगी बनारस में देव दीपावली का आयोजन सात नवंबर को होगा। योगी सरकार काशी में दिव्य और भव्य देव दीपावली  की तैयारियों में जुट गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी के मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा से देव दीपावली की तैयारियों के बारे में जानकारी ली, साथ ही देव दीपावली के महा आयोजन को स्वच्छता अभियान से जोड़ने के लिए भी कहा है। देव दीपावली पर गंगा के तट और कुंडों को भी भव्य रूप से सजाया जाएगा। राष्ट्रपति सबसे पहले नमो घाट पर पहुंचेंगी और वहां के आयोजन को देखने के बाद क्रूज पर सवार होकर गंगा घाटों की भव्यता को देखने निकलेंगी।

पिछली बार देव दीपावली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काशी की देव दीपावली का नजारा देखा था। इसके साथ ही बनारस की देव दीपावली वैश्विक मंच पर नए स्वरूप में निखर उठी थी। घाटों को अलग-अलग थीम पर सजाया जाएगा और घाटों पर 10 लाख से अधिक दीप जलाए जाएंगे। विभागवार इसकी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। गंगा पार रेती पर पानी उतरने के इंतजार किया जा रहा है। पानी कम होने पर गंगा पार रेती पर दीप जलेंगे। इसबार गंगा के दोनों तरफ मिलाकार कुल 10 लाख दीये जलाये जाएंगे। साथ ही वाराणसी के प्रमुख मंदिरों, कुंडों और सरोवरों पर भी आकर्षक ढंग से दीप रौशन किये जाएंगे। मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा ने बताया कि देव दीपावली को लेकर सभी टेंडर पूरे कर लिए गये हैं। सभी संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक करके उन्हें जरूरी दिशा-निर्देश दे दिये गये हैं।