गर्भवती महिला की सांप के काटने से हुई मौत, 36 घंटे से पति का इंतजार कर रही पत्नी की लाश

गर्भवती महिला की सांप के काटने से हुई मौत, 36 घंटे से पति का इंतजार कर रही पत्नी की लाश

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी में बड़ागांव क्षेत्र के हरहुआ इलाके के अनौरा गांव में शुक्रवार की देर रात एक गर्भवती को जहरीले सांप ने डस लिया। महिला के शव का अंतिम संस्कार नहीं हुआ। 36 घंटे से परिजन उसके पति का गुजरात से घर आने का इंतजार कर रहे हैं। महिला का पति गुजरात में एक कंपनी में प्राईवेट नौकरी करता है। महिला की मौत के बाद पति काे सूचना दी गई। ऐसे में महिला के घर वालों ने मृतका की लाश को घर पर बर्फ से ढककर रखा है। मृतका के घरवालों और ग्राम प्रधान ने बताया कि उसके पति के आने के बाद रविवार को उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा। 

बड़ागांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत अनौरा गांव के राजू चौहान की शादी 3 साल पहले जौनपुर की मनीषा चौहान (30) से हुई थी। राजू गुजरात में एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। राजू और मनीषा की अभी कोई संतान नहीं है। परिजनों के अनुसार, मनीषा गर्भवती थी। शुक्रवार रात परिवार के लोगों के भोजन करने के बाद मनीषा किचन में बर्तन धुल रही थी। तभी अचानक सांप ने उसे डंस लिया। वह चिल्लाते हुए भागी। घरवालों ने टॉर्च जलाया तो उन्हें भागता हुआ सांप दिखाई दिया। उसके बाद उसके ससुराल वाले उसे हरहुआ स्थित एक निजी चिकित्सालय में ले गए। वहां प्राथमिक उपचार करने के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हायर हॉस्पिटल के लिए रेफर कर दिया गया।शहर में स्थित अस्पताल में ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घाेषित कर दिया। उसके बाद परिजन उसे घर लेकर आए तथा गुजरात में नौकरी कर रहे उसके पति राजू चौहान को सूचना दी।

गांव वालों के बताने पर गाजीपुर स्थित एक देव स्थान पर जहर उतरवाने के लिए ले गए लेकिन वहां भी महिला को मृत घाेषित कर दिया। उसके बाद परिजन उसे लेकर शनिवार शाम को घर वापस लौट आए। वापस आने के बाद पति का इंतजार किया जा रहा। पति ने बताया कि वह रविवार को घर आएगा। ऐसे में मृतका की लाश को बर्फ से ढक कर रखा गया है। पति राजू चौहान के आने के बाद रविवार को उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा।