जंतर मंतर पर पहलवानों के समर्थन में टिकरी बॉर्डर पहुंची महिला किसानों को पुलिस ने रोका, नारेबाजी के बाद खोला नाका

जंतर मंतर पर पहलवानों के समर्थन में टिकरी बॉर्डर पहुंची महिला किसानों को पुलिस ने रोका, नारेबाजी के बाद खोला नाका

(रणभेरी): राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर दो हफ्ते से भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के चेयरमैन बृजभूषण सिंह की गिरफ्तारी की मांग कर रहे पहलवानों को अब किसानों का साथ भी मिल रहा है। संयुक्त किसान मोर्चा की अगुवाई में सैकड़ों किसान दिल्ली के बॉर्डर पर पहुंच गए हैं। इन किसानों को दिल्ली में घुसने से रोकने के लिए दिल्ली पुलिस तमाम हथकंडे अपना रही है। वहीं, खाप पंचायतों के चौधरी भी पहलवानों के समर्थन में दिल्ली आने वाले हैं। महिला किसानों ने एमसीडी के कमर्शियल टोल प्लाजा पर जाकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क पर जाम लगा दिया। जिसके बाद दिल्ली पुलिस के हाथ पैर फूल गए और आनन-फानन में महिला किसानों के जत्थे को आगे बढ़ने की अनुमति दे दी गई। लगभग 10 बसों में सवार होकर महिला किसान पंजाब के विभिन्न हिस्सों से दिल्ली के जंतर मंतर के लिए आई हैं। अपने साथ में खाना बनाने का सामान भी लेकर किसान पहुंचे हैं। महिला किसानों का कहना है कि सरकार को भारतीय कुश्ती महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह को तुरंत गिरफ्तार करना होगा। महिला पहलवान लगातार धरना प्रदर्शन कर रही हैं और मंच से बता रही हैं कि उनके साथ यौन शोषण हुआ है। ऐसे में आरोपी को तुरंत गिरफ्तार करना चाहिए और सख्त से सख्त सजा देनी चाहिए। महिलाओं ने कहा कि अगर उन्हें रोका गया तो वहीं रुक जाएंगी। फिलहाल वे एक दिन के प्रदर्शन के लिए दिल्ली आई हैं। अगर सरकार ने जल्द ही बृजभूषण शरण को गिरफ्तार नहीं किया तो वह बड़ा आंदोलन करेंगे। इतना ही नहीं संयुक्त किसान मोर्चा ने भी देश भर में 11 मई से 18 मई तक महिला पहलवानों के समर्थन में प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। वही दिल्ली पुलिस से काफी देर तक जद्दोजहद के बाद किसानों को दिल्ली जाने की अनुमति दे दी। पुलिस ने किसानों के जत्थे की गाड़ियों के नंबर नोट कर लिया है। आज हरियाणा की खाप पंचायतें दिल्ली महापंचायत करने जा रही हैं। इसे देखते हुए दिल्ली के टिकरी बॉर्डर पर भारी संख्या में पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों की ड्यूटी लगाई गई है।