मणिपुर में बोले पीएम मोदी: कुछ लोग सत्ता पाने के लिए मणिपुर को फिर से अस्थिर करना चाहते हैं

मणिपुर में बोले पीएम मोदी: कुछ लोग सत्ता पाने के लिए मणिपुर को फिर से अस्थिर करना चाहते हैं

(रणभेरी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मंगलवार को 13 परियोजनाओं का उद्घाटन और नौ परियोजनाओं का शिलान्यास करने के लिए मणिपुर की राजधानी इंफाल पहुंचे। पीएम ने मणिपुर और त्रिपुरा के दौरे की शुरुआत इंफाल से की है। यहां उन्होंने 4,800 करोड़ रुपये की 22 परियोजनाओं की शुरुआत की। ये परियोजनाएं सड़क बुनियादी ढांचा, पेयजल आपूर्ति, स्वास्थ्य, शहरी विकास, आवासीय, सूचना प्रौद्योगिकी, हैं। इस दौरान उन्होंने कहा, अब से कुछ दिन बाद 21 जनवरी को मणिपुर को राज्य का दर्जा मिले, 50 साल पूरे हो जाएंगे। 

देश इस समय अपनी आज़ादी के 75 वर्ष पर अमृत महोत्सव भी मना रहा है। ये समय अपने आप में बहुत बड़ी प्रेरणा है। पीएम मोदी ने कहा कि हमारी सरकार की सात वर्षों की मेहनत पूरे उत्तर पूर्व में दिख रही है। हम और भी अधिक मेहनत कर इसे आगे ले जाने का काम करेंगे। पीएम मोदी ने कहा कि देश के लोगों में आज़ादी का जो विश्वास, यहां मोइरांग की धरती ने पैदा किया वो अपने आप में एक मिसाल है। जहां नेताजी सुभाष की सेना ने पहली बार झंडा फहराया, जिस नॉर्थ ईस्ट को नेताजी ने भारत की स्वतंत्रता का प्रवेश द्वार कहा, वो नए भारत के सपने पूरे करने का प्रवेश द्वार बन रहा है।

पीएम मोदी ने कहा कि पूर्वोत्तर को लेकर पहले की सरकारों की डोंट लुक ईस्ट पॉलिसी थी लेकिन हमने पूर्वोत्तर के लिए एक्ट ईस्ट का संकल्प लिया है। ईश्वर ने इस क्षेत्र को इतने प्राकृतिक संसाधन दिये हैं। पूर्वोत्तर की इन संभावनाओं पर अब काम हो रहा है। पूर्वोत्तर अब भारत के विकास का गेटवे बन रहा है। साथ ही मणिपुर देश के लिए एक से एक नायाब रत्न देने वाला राज्य रहा है। यहां के युवाओं और विशेषकर मणिपुर की बेटियों ने पूरी दुनिया में भारत का झण्डा उठाया है, गर्व से देश का सिर ऊंचा किया है। विशेषकर आज देश के नौजवान मणिपुर के खिलाड़ियों से प्रेरणा ले रहे हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि कुछ लोग सत्ता पाने के लिए मणिपुर को फिर से अस्थिर करना चाहते हैं। ये लोग उम्मीद लगाए बैठे हैं कि कब उन्हें मौका मिले और कब वो अशांति का खेल खेलें। लेकिन मणिपुर के लोग इन्हें पहचान चुके हैं।