लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने डिंपल यादव को सांसद पद की दिलाई शपथ, सोनिया गांधी के पैर छूकर लिया आशीर्वाद

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने डिंपल यादव को सांसद पद की दिलाई शपथ, सोनिया गांधी के पैर छूकर लिया आशीर्वाद

मैनपुरी (रणभेरी): उत्तर प्रदेश स्थित मैनपुरी उपचुनाव में जीत दर्ज करने बाद डिंपल यादव ने सोमवार को सांसद पद की शपथ लीं। डिंपल को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सांसद पद की शपथ दिलाई। शपथ लेने के बाद डिंपल ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। संसद सदस्य के तौर पर शपथ ग्रहण करने आईं डिंपल यादव के साथ उनके पति और सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी आए थे।

डिंपल यादव ने बीजेपी उम्मीदवार रघुराज शाक्य को 2,88,461 वोटों से हरा दिया था। मैनपुरी, सपा का वह गढ़ जिसे समाजवादी पार्टी के गठन के बाद से लेकर अब तक कोई जीत नहीं कर पाया। वर्ष 1996 से लेकर अब तक समाजवादी पार्टी इस लोकसभा सीट पर काबिज है। उपचुनाव भले ही नेताजी मुलायम सिंह यादव के बिना लड़ा गया, लेकिन सपा ने इस चुनाव को नेताजी के नाम पर लड़ा। हर जनसभा में सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और प्रत्याशी डिंपल यादव ने जनता से नेताजी को श्रद्धांजलि देने की अपील की। मैनपुरी के मतदाताओं ने भी अपने नेता का सम्मान और जलवा दोनों ही बरकरार रखा।  सपा से डिंपल यादव और भाजपा के रघुराज सिंह शाक्य समेत छह प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरे थे।

गुरुवार की सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हुई। शुरुआत से ही डिंपल यादव ने बड़ी बढ़त बना ली, जो मतगणना खत्म होने के बाद बड़ी जीत में बदल गई। डिंपल को 617625 वोट मिले, जबकि रघुराज सिंह को 329489 वोट मिले। इस तरह डिंपल ने 288136 वोटों से भाजपा प्रत्याशी को हरा दिया। बता दें कि 1996 के बाद मुलायम सिंह यादव ने मैनपुरी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा और इसके बाद अब तक सपा कभी इस सीट से नहीं हारी।