फूलपुर: दोस्त को घर से बुलाकर हत्या, तालाब के कीचड़ में मिला युवक का शव

फूलपुर:  दोस्त को घर से बुलाकर हत्या, तालाब के कीचड़ में मिला युवक का शव

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र के करखियांव के निवासी गायब युवक निलेश सिंह उर्फ गोलू (26) का दूसरे दिन शुक्रवार की शाम को तालाब में उतराया शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक की हत्या की आशंका जताई जा रही है। नीलेश के सिर और कान पर गहरे जख्म थे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि परिजन इस घटना को लेकर काफी आक्रोशित थे। परिजनों ने पैसे के लेनदेन के विवाद में धारदार हथियार से हत्या करने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों के साथ फूलपुर थाने के सामने जाम लगा दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर उचित कार्रवाई का आश्वासन देते हुए लोगों को शांत कराया।पुलिस ने किसी तरह समझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। निलेश क्षेत्र के पत्रकार अश्विनी सिंह का छोटा भाई था। परिजनों ने बताया कि रात में किसी का फोन आने के बाद वह घर से निकला था। इसके बाद से लापता हो गया। उसकी तलाश की जा रही थी। इसी दौरान उसका शव तालाब में मिला। परिवारवालों ने कुछ लोगों पर संदेह भी जताया है। इस घटना को लेकर परिवार में कोहराम मच गया है। करखियांव गांव का रहने वाला नीलेश ब्याज पर रुपए देने का काम करता था। परिवार के मुताबिक, गुरुवार रात 8.30 बजे नीलेश के मोबाइल पर उसके किसी दोस्त का फोन आया। इसके बाद नीलेश घर से निकल गया। उसने बताया कि वह गांव के बाहर तक जा रहा है। दोस्त से मिलकर 10 मिनट में वापस आ जाएगा। फिर वो बाइक लेकर चला गया।

नीलेश के बड़े भाई अश्वनी सिंह ने बताया, "नीलेश 10 मिनट में घर लौटने की कह कर गया था। आधा घंटे बाद भी वह नहीं आया तो उसको फोन किया। रात 9 बजे उसके मोबाइल पर हमने फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। इसके बाद 9:30 बजे फोन किया, लेकिन फिर भी कॉल नहीं रिसीव हुई। रात 10 बजे के बाद नीलेश का मोबाइल स्विच ऑफ बताने लगा तो हमने उसके दोस्तों और करीबियों से पता लगाते हुए उसे खोजना शुरू किया। बाद में उसका शव मिला।" रातभर जब नीलेश का कुछ पता नहीं चला तो परिवार ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने नीलेश की गुमशुदगी दर्ज की। 

इसमें परिवार ने गांव के ही दो लड़कों पर शक जताया। पुलिस ने जांच शुरू करने के बाद दोनों सुजीत पटेल और प्रीतम चौहान को हिरासत में ले लिया। ACP पिंडरा अमित पांडेय ने बताया कि दोनों ने शुरुआत में कोई जानकारी नहीं होने की बात कही। लेकिन, जब सख्ती की तो दोनों ने हत्या की बात कबूल ली। उन्होंने बताया कि नीलेश से कुछ रुपए उधार लिए थे। वो लगातार लौटाने का दबाव बना रहा था। शुक्रवार को नीलेश को समझाने के लिए तालाब के पास बुलाया था। प्लान यह था कि अगर वह नहीं मानेगा तो उसकी हत्या कर देंगे।  ACP ने बताया जब नीलेश वहां पहुंचा तो लेनदेन को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद दोनों ने नीलेश पर हमला कर दिया। उसके सिर, गर्दन और चेहरे पर धारदार हथियार से वार किए। हत्या के बाद लाश को तालाब के कीचड़ में दबा दिया। ताकि किसी को नजर नहीं आए। पुलिस के मुताबिक, नीलेश का शव बरामद हुआ है। लेकिन, उसका मोबाइल और बाइक अभी नहीं मिली है। इसका पता लगाया जा रहा है। आशंका है कि वारदात के बाद यह दोनों उसकी बाइक और मोबाइल लेकर भाग आए थे। दोनों हत्यारोपी नीलेश के गांव के ही रहने वाले हैं।