चीनी न्यू ईयर मना रहे लोगों पर अमेरिका के कैलिफोर्निया में गोलीबारी

चीनी न्यू ईयर मना रहे लोगों पर अमेरिका के कैलिफोर्निया में गोलीबारी

(रणभेरी): अमेरिका के कैलिफोर्निया में एक बार फिर अंधाधुंध फायरिंग का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि चीनी नए साल के मद्देनजर आयोजित समारोह में शनिवार रात साढ़े 3 बजे मोंटेरी पार्क इलाके में यह गोलीबारी हुई। अमेरिकी मीडिया के मुताबिक इस घटना में कम से कम 10 लोगों की मौत हो चुकी है और 19 घायल हैं। हालांकि, पुलिस ने अब तक इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। मोंटेरे पार्क में चीनी नव वर्ष मनाने के लिए बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए थे। कुछ सोशल मीडिया अकाउंट्स पर बताया गया है कि यह मामला नस्लभेद से जुड़ा है। स्थानीय लोगों और एशियन कम्युनिटी के बीच हिंसा हुई। इसमें 17 साल का एक चीनी मूल का युवक भी मारा गया है।

कुछ देर में पुलिस इस बारे में बयान जारी कर सकती है। इस घटना की खबर मिलते ही राहत बचाव का काम शुरू कर दिया गया। हादसे में घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे पहले फ्लोरिडा के फोर्ट पियर्स में गोलीबारी की घटना हुई थी। जिसमें कम से कम 8 लोग घायल हो गए थे। फोर्ट पियर्स के इलौस एलिस पार्क में कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। कार्यक्रम में लाइव म्यूजिक, बच्चों के लिए कई तरह के खेलों का भी आयोजन किया जा रहा था। इसी दौरान गोलीबारी हुई थी।