जीतने के बाद सीएम योगी से मिले निरहुआ

जीतने के बाद सीएम योगी से मिले निरहुआ

(रणभेरी): उत्तर प्रदेश की आजमगढ़ लोकसभा सीट पर उपचुनाव में यादगार जीत दर्ज करने वाले भाजपा के सांसद व भोजपुरी फिल्मों के स्टार दिनेश लाल निरहुआ यादव ने मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट की। साथ ही इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को भगवान श्रीराम की एक प्रतिमा भेंट की। 

निरहुआ के साथ भोजपुरी कलाकार प्रवेश लाल यादव और अभिनेत्री आम्रपाली दुबे भी मौजूद थीं। मुख्यमंत्री योगी ने निरहुआ को जीत की बधाई दी। यहां से निरहुआ भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पहुंचे और संगठन महामंत्री सुनील बंसल से मुलाकात की। आजमगढ़ लोकसभा सीट सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के इस्तीफे से खाली हुई थी। आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव में दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ ने समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी पूर्व सांसद धर्मेन्द्र यादव को हराया था। बसपा प्रत्याशी शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली यहां पर तीसरे स्थान पर थे। आजमगढ़ लोकसभा सीट समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के इस्तीफा देने के कारण खाली हुई थी। जहां पर 23 जून को मतदान हुआ और 26 जून को इसका परिणाम घोषित किया गया। आजमगढ़ में अखिलेश यादव ने 2019 तथा मुलायम सिंह यादव ने 2014 में जीत दर्ज की थी। इससे पहले 2009 में आजमगढ़ से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी के रूप में रमाकांत यादव ने जीत दर्ज की थी।

आजमगढ़ सपा का मजबूत किला माना जाता था। इस सीट पर भाजपा की जीत 2024 लोकसभा चुनाव के लिए बड़ा संकेत है। चुनाव नतीजे के बाद ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा था कि 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज करेगी। आजमगढ़ और रामपुर लोकसभा सीट पर भाजपा ने जीत दर्ज कर बड़ी मनोवैज्ञानिक बढ़त बना ली है। वहीं, सपा ने अपने गढ़ में हार के लिए भाजपा सरकार पर प्रशासन का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है पर इतना जरूर है कि इन दो सीटों पर उपचुनाव में हार से यूपी में सपा के लिए भाजपा को रोकना लगभग असंभव हो गया है।