नायब तहसीलदार की गाड़ी ने बाइक सवार को कुचला, लाश पहचानना हुआ मुश्किल
बहराइच (रणभेरी): यूपी के बहराइच में बृहस्पतिवार की रात नायब तहसीलदार नानपारा की गाड़ी ने बाइक सवार को कुचल दिया। घटना के बाद चालक ने रुकने की बजाय कार को और तेज भगा दिया। करीब 30 किमी तक शव को घसीटते ले गया। उसके शरीर के चीथड़े उड़ गए।
इस हादसे के बाद जिसने भी लाश देखी उसके रोंगटे खड़े हो गए। इस बात से लगाया जा सकता है कि लाश पहचानना मुश्किल हो रहा था। घटना के समय नायब तहसीलदार के गाड़ी में सवार होने की बात कही जा रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
यह हादसा रामगांव थाना क्षेत्र में चौपाल सागर के पास बहराइच-नानपारा मार्ग पर हुआ। मूल रूप से पयागपुर थाना क्षेत्र के कृष्णा नगर कॉलोनी निवासी नरेंद्र कुमार हालदार (35) अपनी भांजी प्रियंका को छोड़ने उसके घर लखीमपुर खीरी के गोला गए थे। वहां से वह बाइक से वापस लौट रहे थे। रास्ते में चौपाल सागर के पास नायब तहसीलदार के वाहन ने टक्कर मार मार दी। हादसे के बाद नरेंद्र वाहन में फंस गए। लेकिन, वाहन चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेज भगाने लगा। नरेंद्र वाहन में फंसे रहे। वाहन चालक वहां से नानपारा तक यानी लगभग 30 किमी तक घसीटता चला गया।
इससे उसके शरीर के चीथड़े उड़ गए। दर्दनाक मौत हो गई। वाहन रुकने के बाद नानपारा तहसील परिसर में मृतक का क्षत विक्षत शव गिरा। इसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची कोतवाली नानपारा की पुलिस ने घटना की जानकारी ली। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थाना प्रभारी आलोक सिंह ने बताया कि नायब तहसीलदार के वाहन से हादसा हुआ है। उस समय मैं पेट्रोलिंग पर था। हादसे के वक्त नायब तहसीलदार वाहन में बैठे थे कि नहीं, इसकी पुष्टि नहीं है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।