दुल्हन बनकर प्रेमी के घर पहुंची विवाहिता: शादी की जिद पर अड़ी,बोली- झांसा देकर बनाया अवैध संबंध

दुल्हन बनकर प्रेमी के घर पहुंची विवाहिता: शादी की जिद पर अड़ी,बोली- झांसा देकर बनाया अवैध संबंध

सोनभद्र। पहले से शादीशुदा और तीन बच्चों की मां शुक्रवार को बैंड-बाजे के साथ बारात लेकर कथित प्रेमी के घर पहुंच गई। उसके साथ शादी की जिद करने लगी। विवाहिता का कहना था कि युवक नौ साल से उसके साथ संबंध में है।  शादी का झांसा देकर उसका उत्पीड़न करता रहा और फिर वीडियो बनाकर पति को भेज दिया। इससे उसका परिवार टूट गया। अब युवक सार्वजनिक रूप से शादी करते हुए अपनाए। दुल्हन के जोड़े में सज-धजकर पहुंची विवाहिता के साथ बड़ी संख्या में अन्य लोग भी थे। घटना रायपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का है। पुलिस दोनों पक्षों को बुलाकर थाने में समाधान निकालने में जुटी रही। क्षेत्र के ही एक गांव निवासी विवाहिता के मुताबिक वर्ष 2014 में उसका संबंध युवक से हुआ था। दोनों नजदीक आए और फिर उनमें प्रेम संबंध हो गया। युवक ने विंध्याचल में उसके साथ शादी भी रचाई और शारीरिक संबंध बनाए। इसी बीच धोखे से उसका वीडियो बना लिया और उसे पति व भाई को भेजने की धमकी देकर उत्पीड़न करने लगा। युवक की हरकत से उसका घर टूट गया। अब वह उसके पास आई है तो युवक शादी से इंकार कर रहा है। पिछले 25 दिनों से वह न्याय के लिए भटक रही है। 

पहले रायपुर थाने में प्रार्थना पत्र दिया। सुनवाई न होने पर एसपी से शिकायत की। वहां से कार्रवाई का आश्वासन मिला। वह बैंड बाजा के साथ दुल्हन बनकर युवक के घर पहुंची और सीधे अंदर भी प्रवेश कर गई। बताते हैं कि विवाहिता के पहुंचते ही युवक कहीं फरार हो गया। बड़ी संख्या में लोग वहां जुट गए।