विभागीय लापरवाही का सामना कर रहे काशीवासी

 विभागीय लापरवाही का सामना कर रहे काशीवासी
 विभागीय लापरवाही का सामना कर रहे काशीवासी

वाराणसी(रणभेरी)। बनारस की जनता को विभागीय लापरवाही का सामना करना पड़ रहा है। सड़क के साथ गलियों का हाल भी बेहाल है। सीवर और चौका-पत्थर की समस्याएं यहां भी बनी हुई हैं। शिकायतों के बावजूद संबंधित किसी भी विभाग पर कोई असर नहीं पड़ रहा है। ऐसे में बुनियादी समस्याओं के बीच गली के लोग भी गुजर-बसर कर रहे हैं। शहर के 30 वार्डों में सीवर ओवरफ्लो हो रहा है। इससे सड़कें खराब हो रही हैं। इसका खुलासा निगम निगम के नोडल अधिकारियों की रिपोर्ट से हुआ है। रिपोर्ट में कहा गया कि जलकल की लापरवाही का खामियाजा शहरवासी उठा रहे हैं। अफसर-कर्मी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन ठीक से नहीं कर रहे हैं। गर्मी की शुरुआत में ही सीवर की समस्या गहरा गई है। बारिश में दिक्कत और बढ़ जाती है।

सीवर ओवरफ्लो से सड़क क्षतिग्रस्त

शहर के पॉश इलाके लंका के पास सीवर बह रहा है। इससे सड़क खराब हो रही है। महामना की प्रतिमा के पास ही बहने वाला सीवर शहर की खूबसूरती को भी मुंह चिढ़ा रहा है। इस क्षेत्र से रोजाना लाखों लोगों का आवागमन होता है। बीएचयू के छात्र भी आते-जाते हैं। बीएचयू अस्पताल जाने का प्रमुख रास्ता भी यहीं से होकर गुजरता है। बजरडीहा इलाके के कुछ मार्गों पर पत्थर का चौका बिछाया गया है, जो सीवर ओवरफ्लो के कारण खराब धंस रहा है। स्थानीय लोगों ने शिकायत की, लेकिन अब तक कुछ नहीं हुआ। इसी तरह बिरदोपुर में भी सीवर ओवरफ्लो हो रहा है। इससे सड़कें खराब हो रही हैं। कश्मीरीगंज के लोग भी सीवर की समस्या जूझ रहे हैं। हाल ही में यहां बेहतरीन इंटरलॉकिंग कराई गई थी, जो सीवर के चलते खराब हो रही है। इंटरलॉकिंग कई जगह खिसक गई है। यही हाल चौक क्षेत्र का है।

राहत के बाद फिर समस्या जस की तस

लंका निवासी दिनेश शर्मा बताते हैं कि, शहर से सीवर की समस्या का का स्थायी समाधान नहीं हो रहा है। आए दिन लंका के आसपास सीवर ओवरफ्लो होता है। शिकायत पर फौरी राहत मिलती है, फिर समस्या जस की तस हो जाती है। 

सड़क की गिट्टियां उखड़ गई

कश्मीरीगंज निवासी विजय प्रजापति ने कहा कि, यहां की  सड़कें खराब हो रही हैं। लंबे समय से सड़कों पर गंदा पानी बहता है। इससे गिट्टियां उखड़ जाती हैं। शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होता है। 

ठीक से नहीं हो रही सफाई 

भगवानपुर निवासी हरी गोविंद पाठक ने बताया कि, सीवर और सड़क की सफाई ठीक से नहीं हो रही है। इसी वजह से सड़कें खराब हो रही हैं। कई बार गंदे पानी के बीच से आना-जाना पड़ता है।

पीआरओ ने कहा-

नगर निगम के पीआरओ संदीप श्रीवास्तव बोले कि, सीवर ओवरफ्लो की समस्या का समाधान लगातार कराया जा रहा है। जहां से सूचना मिल रही है, वहां 24 घंटे में जलकल की टीम पहुंच रही है। इसका रिकॉर्ड भी रखा जा रहा है।