खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह गिरफ्तार, पंजाब में इंटरनेट सेवा रविवार तक बंद

 खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह गिरफ्तार, पंजाब में इंटरनेट सेवा रविवार तक बंद

(रणभेरी): 'वारिस पंजाब दे' के प्रमुख व खालिस्तान समर्थक अमृतपाल और उसके 6 साथियों को पंजाब पुलिस ने जालंधर के मैहतपुर इलाके में शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। उस समय ये सभी मोगा की ओर जा रहे थे। यह गिरफ्तारी अजनाला थाने पर हमले से जुड़े केस में हुई है। पंजाब पुलिस की करीब 60 गाड़ियां अमृतपाल के पीछे लगी हुई थीं, आखिरकार कड़ी मशक्कत के बाद गिरफ्तारी में सफलता मिली। जिसके बाद थाने को सील कर दिया गया। अमृतपाल को जालंधर के नकोदर एरिया से गिरफ्तार करने की सूचना है। अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की जा रही है। इस बीच हालात की गंभीरता को भांपते हुए पंजाब के कई इलाकों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं रविवार दोपहर 12 बजे तक बंद कर दी गई हैं।

बता दें कि अमृतपाल सिंह को आज चार बजे जिले के कस्बा भदौड़ के बेसाखी वाला गुरुघर में धार्मिक समारोह में शिरकत करने आना था। इसी बीच उसके साथियों की गिरफ्तारी के विरोध के चलते कार्यक्रम नहीं हुआ। करीब एक हजार लोगों सहित सिक्ख संगठनों ने भदौड़ मेन हाईवे पर जाम कर दिया है। अमृतपाल के समर्थकों की गिरफ्तारी और पुलिस की कार्रवाई का लोग विरोध कर रहे हैं। अमृतपाल सिंह और उसके समर्थकों पर हो रही कार्रवाई के बाद पंजाब में माहौल तनावपूर्ण है। किसी भी अनहोनी से बचने के लिए पंजाब में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। राज्य में इंटरनेट सेवाएं कल दोपहर 12 बजे तक के लिए बंद कर दी गई हैं।

पंजाब के क्षेत्रीय अधिकार क्षेत्र में सभी मोबाइल इंटरनेट सेवाएं, सभी एसएमएस सेवाएं (बैंकिंग और मोबाइल रिचार्ज को छोड़कर) और वॉयस कॉल को छोड़कर मोबाइल नेटवर्क पर प्रदान की जाने वाली सभी डोंगल सेवाएं 18 मार्च से 19 मार्च तक निलंबित रहेंगी। तनावपूर्ण स्थिति के बीच पंजाब पुलिस ने लोगों से शांति बनाने की अपील की है। पुलिस ने कहा सभी नागरिकों से अनुरोध है कि शांति और सद्भाव बनाए रखें। पंजाब पुलिस कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए काम कर रही है। नागरिकों से अनुरोध है कि वे घबराएं नहीं या फर्जी समाचार या अभद्र भाषा न फैलाएं। पुलिस दर्जनभर गाड़ियां, जिसमें अमृतपाल के समर्थक बताए जा रहे हैं, जालंधर सीआईए स्टाफ पहुंचे हैं। पुलिस ने गाड़ियों के शीशे तौलिए रख कर ढक रखे थे। वहीं मीडिया को इस सारे मामले से दूर रखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि अमृतपाल के जिन समर्थकों को गिरफ्तार किया है, उनको जालंधर लाया गया है। हालांकि इस बारे में कोई भी अधिकारी अभी पुष्टि नहीं कर रहा है।