सीएम योगी आज शाम को राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द के विदाई समारोह में होंगे शामिल

सीएम योगी आज शाम को राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द के विदाई समारोह में होंगे शामिल

(रणभेरी): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार देर शाम से नई दिल्ली के दौरे पर हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ आज शाम को राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द के विदाई समारोह में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री रविवार को नई दिल्ली में भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की प्रधानमंत्री मोदी के साथ होने वाली बैठक में भी शामिल होंगे।बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नवनिर्वाचित द्रौपदी मुर्मू से भेंट करने के साथ ही राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के विदाई समारोह तथा उनके सम्मान में होने वाले रात्रि भोज कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री आज भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा तथा गृह मंत्री अमित शाह से भी मिलेंगे।

नई दिल्ली में आज राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का विदाई समारोह है। इनका कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है। राष्ट्रपति के विदाई समारोह में पीएम नरेन्द्र मोदी के साथ ही सीएम योगी आदित्यनाथ भी शामिल होंगे। यह समारोह संसद भवन के सेंट्रल हॉल में आयोजित किया जाएगा। इसमें उप राष्ट्रपति एम.वेंकैया नायडू तथा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला भी शामिल होंगे। दोनों सदन के सदस्य भी शाम को 5:30 बजे से होने वाले इस समारोह के साक्षी बनेंगे। समारोह में राष्ट्रपति कोविंद को एक 'स्मृति चिन्ह' तथा एक हस्ताक्षर पुस्तिका भी भेंट की जाएगी। लोकसभा तथा राज्यसभा के सदस्यगण की ओर से यह हस्ताक्षरित पुस्तक भेंट की जाएगी।इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बधाई भी दी थी। 

सीएम योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रपति पद का चुनाव जीतने वाली एनडीए की द्रौपदी मुर्मू की विराट और ऐतिहासिक विजय पर उन्हें हार्दिक बधाई दी थी। बधाई संदेश में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि श्रीमती मुर्मू की विजय 'नए भारत' के सर्वसमावेशी व सर्वस्पर्शी स्वरूप के प्रति अपार जन-विश्वास और 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' भाव की जीवंत तस्वीर है। इससे पहले उन्होंने ट्वीट भी किया था।