करवा चौथ का पर्व आज : पति की लंबी उम्र के लिए सुहागिनें रखेंगी निर्जला व्रत, 7 बजकर 58 मिनट पर होगा चंद्रोदय

वाराणसी (रणभेरी): पति की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य, सफलता एवं अखंड सौभाग्य की कामना के लिए सुहागिन महिलाएं आज करवा चौथ का व्रत कर रही हैं। इस व्रत में महिलाएं पूरे दिन निर्जला उपवास रखती हैं और सायंकाल मां गौरी व भालचंद्र गणेश की पूजा के बाद चंद्रमा को अर्घ्य देकर व्रत संपन्न करती हैं।
करवाचौथ से पहले ही बाजारों में रौनक देखने को मिली। जगह-जगह मेहंदी लगाने के स्टॉल सजे रहे। वहीं ब्यूटी पार्लरों में भी महिलाओं की भीड़ उमड़ी। सुहागिनों में लाल रंग की साड़ियों और श्रृंगार की वस्तुओं की सबसे अधिक मांग रही।
बाजार में करवाचौथ की सामग्री के भाव (रुपये में)
पीतल का करवा : ₹120 से ₹280
मिट्टी का करवा : ₹30 से ₹50
चलनी : ₹50 से ₹70
मिट्टी का दीया : ₹2 से ₹5
पूजा थाल : ₹100 से ₹250
करवा फोटो : ₹20 से ₹150
दान के लिए श्रृंगार : ₹40 से ₹70
कुश : ₹2 से ₹10
करवा के बिना अधूरा करवा चौथ
पंडित बलराम मिश्र के अनुसार करवा चौथ की पूजा में मिट्टी का करवा अत्यंत महत्वपूर्ण माना गया है। इसके बिना व्रत अधूरा होता है। उन्होंने बताया कि करवा चौथ का विधि-विधान पति-पत्नी को जन्म-जन्मांतर तक आत्मा के स्तर पर जोड़कर रखने का प्रतीक है।
वाराणसी में चंद्रोदय का समय एवं शुभ मुहूर्त
पंचांग की गणना के अनुसार वाराणसी में चंद्रोदय रात 7 बजकर 58 मिनट पर होगा। इस दिन कृतिका नक्षत्र रात्रि 9:07 बजे तक रहेगा, उसके बाद रोहिणी नक्षत्र का आरंभ होगा। इस बार करवाचौथ पर विशेष योग बना है। चंद्रमा वृष राशि में, देवगुरु बृहस्पति मिथुन में, सूर्य व शुक्र कन्या राशि में, मंगल और बुध तुला राशि में तथा शनि मीन राशि में विराजमान रहेंगे। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार यह संयोग व्रत की महत्ता को और अधिक शुभकारी बनाता है।