भारत पहुंचे इंडोनेशिया के राष्ट्रपति, द्रौपदी मुर्मू और PM मोदी ने किया स्वागत, गणतंत्र दिवस समारोह में होंगे मुख्य अतिथि

नई दिल्ली (रणभेरी): इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो भारत के 76वें गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि हैं। शनिवार को सुबियांतों भारत पहुंच चुके हैं। उनका स्वागत राष्ट्रपति और पीएम मोदी ने किया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो ने दिल्ली के हैदराबाद हाउस में आज यानी शनिवार को प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की। प्राबोवो सुबियांतो गणतंत्र दिवस में मुख्य अतिथि के तौर पर हिस्सा लेने वाले इंडोनेशिया के चौथे राष्ट्रपति हैं। उनकी यात्रा अक्टूबर 2024 में पदभार ग्रहण करने के बाद भारत की उनकी पहली राजकीय यात्रा है।
इंडोनेशिया भारत से ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइलें खरीदने को लेकर इच्छुक है। ऐसे में राष्ट्रपति सुबियांतो अपनी इस यात्रा के दौरान ब्रह्मोस मिसाइलें खरीदने पर चर्चा जरूर करेंगे। रविवार को इंडोनेशिया का 352 सदस्यीय मार्चिंग और बैंड दल कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेगा। यह पहली बार होगा जब इंडोनेशिया का दल विदेश में राष्ट्रीय दिवस परेड में शामिल होगा।
पिछले कुछ वर्षों में भारत-इंडोनेशिया संबंधों में तेजी आई है। पीएम मोदी ने 2018 में इंडोनेशिया की यात्रा की थी, इस दौरान भारत-इंडोनेशिया संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी तक बढ़ाया गया। इंडोनेशिया में राष्ट्रपति चुने जाने के बाद सुबियांतो ने पीएम मोदी को फोन किया था। इस दौरान दोनों के बीच भारत-इंडोनेशिया के संबंधों को आगे बढ़ाने से लेकर कूटनीतिक संबंधों को मजबूत करने पर बात हुई थी। इसके अलावा दोनों नेताओं ने 2024 में ब्राजील के रियो डी जेनेरो में जी20 सम्मेलन के दौरान भी मुलाकात की थी।
2023 में भारत-इंडोनेशिया व्यापार की मात्रा 29.40 बिलियन अमेरिकी डॉलर दर्ज की गई। इंडोनेशिया में बुनियादी ढांचे, बिजली, कपड़ा, इस्पात, मोटर वाहन, खनन, बैंकिंग और उपभोक्ता सामान क्षेत्रों में भारतीय निवेश 1.56 बिलियन अमेरिकी डॉलर है। इंडोनेशिया में भारतीय मूल के लगभग 150,000 व्यक्ति रहते हैं।