चंदौली में खौफनाक वारदात: दिनदहाड़े  भाजपा नेता के भाई की गोली मारकर हत्या

चंदौली में खौफनाक वारदात:   दिनदहाड़े  भाजपा नेता  के भाई की गोली मारकर हत्या

चंदौली।  शनिवार की सुबह गोलियों की गूंज से पूरा इलाका दहल उठा। यहां भाजपा जिला उपाध्यक्ष डॉ. प्रदीप मौर्या के भाई और परचून दुकानदार संतोष मौर्या (45) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना नगर के वार्ड नंबर 7 की है, जहां आरोपी देंवेंद्र जायसवाल उर्फ प्रकाश जायसवाल ने दिनदहाड़े वारदात को अंजाम दिया। भीड़ ने उसे पकड़कर पीट दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। 

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 9 बजे प्रकाश जायसवाल की डॉ. मौर्या के भाई संजय मौर्या से किसी बात पर कहासुनी हो गई। बहस के बाद जयप्रकाश अपने घर गया और वहां से हथियार लेकर लौटा। इसी दौरान बीच-बचाव करने आए संतोष मौर्य को गोली लग गई। गंभीर रूप से घायल संतोष को जिला संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद नगर में तनाव का माहौल हो गया। जिला अस्पताल में भारी भीड़ उमड़ पड़ी और परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के घर का माहौल गमगीन है, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

आरोपी गिरफ्तार, आगे की कार्रवाई जारी

थानाध्यक्ष अतुल प्रजापति ने बताया कि हत्या के आरोपी जयप्रकाश जायसवाल को तत्काल हिरासत में ले लिया गया है। वह पहले से ही दबंग प्रवृत्ति का बताया जा रहा है, जो अक्सर चौराहे और बाजार में लोगों को धमकाता रहता है। ग्रामीणों की पिटाई से घायल हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।