कड़ी सुरक्षा में गोल्डेन स्पोर्टिंग क्लब की प्रतिमा विसर्जित

सिंदूर खेला के बाद की गई मां की विदाई, गोदौलिया चौराहे पर हुई पांच परिक्रमा
वाराणसी (रणभेरी): कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शनिवार को गोल्डेन स्पोर्टिंग क्लब देवनाथपुरा की दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर पांच थानों की पुलिस फोर्स के साथ ही ड्रोन से निगरानी की जा रही थी। प्रतिमा विसर्जन के दौरान काफी संख्या में श्रद्धालु शामिल थे। प्रतिमा का विसर्जन मैदागिन स्थित मंदाकिनी कुंड में किया गया। इस प्रतिमा के विसर्जन को देखने के लिए जंगमबाड़ी, गोदौलिया, चौक, मैदागिन आदि इलाकों में काफी संख्या में लोग मौजूद थे। शनिवार को सायंकाल देवनाथपुरा स्थित गोल्डेन स्पोर्टिंग क्लब की पांच फूट की गलियों से होकर मां दुर्गा की प्रतिमा को सड़क तक लाया गया। इसके पूर्व बंगीय समाज की महिलाओं ने पंडाल में सिंदूर खेला की रस्म निभाई। इसके बाद सभी ने नम आंखों से मां की विदाई दी। तत्पश्चात मां की प्रतिमा वाहन पर रख कर विसर्जन के लिए रवाना किया गया। रास्ते भर लोगों ने पुष्प बरसा कर मां की आरती की। एक घंटे 8 मिनट बाद प्रतिमा 7.08 मिनट पर मदनपुरा पहुंची। इसके बाद प्रतिमा आगे रवाना हुई। एक घंटे बाद प्रतिमा गोदौलिया चौराहे पर पहुंची। जहां पर चौराहे की पांच परिक्रमा की गई। जहां पर आतिशबाजी की गई। इसके बाद ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच प्रतिमा मंदाकिनी कुंड मैदागिन पहुंची जहां पर रात्रि 9.55 बजे प्रतिमा का विसर्जन किया गया।
सनातन धर्म की प्रतिमा हुई विसर्जित
शहर के सभी पूजा पंडालों की दुर्गा प्रतिमाओं का शनिवार को सरोवरों व कुंडों में विसर्जन किया गया। नईसड़क स्थित सनातन धर्म इंटर कालेज की दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन लक्ष्मीकुंड में किया गया। गाजे-बाजे के साथ निलाकी गई शोभायात्रा में भारी संख्या में लोग शामिल थे। इस दौरान कार्यवाहक अध्यक्ष सूरज जायसवाल, महासचिव मुकेश जायसवाल आदि ने सभी का स्वागत किया। इसी तरह दुर्गा स्पोर्टिंग क्लब चेतगंज, न्यू फ्रेंड्स क्लब समेत अन्य पूजा पंडालों की प्रतिमाओं का भी विसर्जन देर शाम किया गया।