वाराणसी में उफान पर गंगा: बढ़ते जलस्तर को लेकर जल पुलिस अलर्ट, लोगों से कर रही खास अपील

 वाराणसी में उफान पर गंगा: बढ़ते जलस्तर को लेकर जल पुलिस अलर्ट, लोगों से कर रही खास अपील

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी में गंगा उफान पर है।  गंगा के बढ़ते जलस्तर के कारण अब घाटों की सीढ़ियां भी एक के बाद एक डूब रही हैं। इसके अलावा घाट किनारे छोटे-बड़े मंदिरों में भी गंगा का पानी भर चुका है। करीब 20 छोटे मंदिर डूब गए हैं। ऐसा ही रहा तो जल्द ही घाटों पर घूमना-फिरना बंद हो जाएगा। क्योंकि, एक-दूसरे घाटों पर जाने का रास्ता पानी से भर जाएगा। गंगा का जलस्तर पिछले 50 घंटे में 2.96 मीटर बढ़ चुका है।

गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जल पुलिस ने नाविकों व स्नानार्थियों से सतर्कता बरतने के लिए अपील कर रही है। लोगों से कहा जा रहा है कि स्नान करते समय बच्चों का हाथ पकड़ कर रखें। वहीं नाविकों से नाव पर क्षमता से आधे लोगों को बैठाने के लिए कहा जा रहा है। नाव के अगले हिस्से पर यात्रियों को न बैठाया जाए, इसके लिए निर्देशित किया जा रहा है।

गर्मी में गंगा में बीच में रेत दिख रही थी। हालांकि, मानसून की दस्तक के बाद देश के पर्वतीय इलाकों में लगातार बारिश हो रही है। इससे गंगा के जलस्तर में तेजी से इजाफा हो रहा है। पिछले चार दिनों से तेजी से पानी बढ़ रहा है। बुधवार की सुबह गंगा का जलस्तर 62.28 मीटर रिकॉर्ड किया गया। केंद्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के अनुसार वाराणसी में गंगा का जलस्तर एक सेंटीमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से बढ़ रहा है। 

गंगा के जलस्तर में वृद्धि के बाद तटवर्ती इलाके में निगरानी बढ़ गई है। गंगा घाटों पर रहने वालों और नाविकों ने तैयारी शुरू कर दी है। अपने सामानों को घाटों पर ऊपर शिफ्ट करना शुरू कर दिया है। वहीं जलस्तर में वृद्धि के मद्देनजर एनडीआरएफ और जल पुलिस की टीम भी अलर्ट हो गई है। गंगा में निगरानी बढ़ा दी गई है। केंद्रीय जल आयोग की ओर से गंगा के जलस्तर पर नजर रखी जा रही है।