गर्मी से सबका हाल है बेहाल: वाराणसी में पारा 45 पार, मई में बदल सकता है मौसम का मिज़ाज

गर्मी से सबका हाल है बेहाल: वाराणसी में पारा 45 पार, मई में बदल सकता है मौसम का मिज़ाज

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी समेत पूर्वांचल के जिलों में मौसम तेजी से करवट ले रहा है। बनारस में शुक्रवार को पारा एक बार फिर 45 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। अधिकतम तापमान के साथ न्यूनतम तापमान भी 27.4 डिग्री जा पहुंचा। अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक और न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा। दोपहर के वक्त सड़कों पर कर्फ्यू जैसे हालात दिखे। जरूरी काम से निकले लोग भी छांव तलाशते दिखे। सड़के इतनी तप रही थीं कि खड़ा होना मुश्किल है। ऑटो, ई-रिक्शा, साइकिल-मोटरसाइकिल सवार, रिक्शेवाले, राहगीर गर्मी से बेहाल है। दिन और रात दोनों पहर में तापमान सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा है। गर्मी ने बीते 10 साल में तीसरी बार अप्रैल के महीने में रिकॉर्ड तोड़ा है। इससे पहले 2010 और 2019 में वाराणसी का तापमान 45°C को छू पाया था।

तापमान का ऐसा सितम इस बार अप्रैल में ही ढाएगा, ऐसा किसी ने सोचा ही नहीं था। यह गर्मी अब इसलिए भी परेशान कर रही है क्योंकि दिन में हवा में नमी कम होने से लोग दोपहर तक झुलस जा रहे, वहीं शाम के वक्त हवा में नमी का बढ़ना पसीना और उमस से भर दे रहा है।इस समय हवा में नमी 71% तक जा पहुंची है। वहीं सुबह के समय हवा 7 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से बह रही है। यह हवा पूरब की ओर से आ रही है, जिसमें नमी भी है। वही 4 मई से मौसम बदलने का संकेत मिल रहा है।मौसम विज्ञान विभाग ने अलर्ट जारी कर बताया है कि वाराणसी में 4 मई के बाद बारिश होने के आसार हैं। थंडरस्ट्रॉम वाली बारिश होगी यानी कि गरज-चमक के साथ बादल बरस सकते हैं। बारिश के दिनों में दिन का तापमान 38°C और रात का 22°C तक पहुंच सकता है। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पूरब की ओर से आ रही नमी बनारस में 2-3 बारिश करा सकती है। इससे तप रहे मौसम से थोड़ी-बहुत तो राहत मिल ही सकती है।

  • वाराणसी​​​​​​ में बढ़ रहा पॉल्यूशन

वाराणसी शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) आज 141 अंक पर है। जबकि दो दिन पहले यह 100 अंक से कम ही था। वातावरण की हवा मॉडरेट की कटेगरी में है। वाराणसी में धूल कणों (PM-10) और धुआं (PM2.5) की मात्रा तेजी से बढ़ रही है।इससे पूरा शहर परेशान हो रहा है। आज वाराणसी के सबसे ज्यादा प्रदूषित इलाके भेलूपुर और मलदहिया रहे। इन दोनों स्थान का AQI 149 अंक दर्ज किया गया। इसके बाद अर्दली बाजार में 148 अंक और बीएचयू में 117 प्रदूषण का स्तर अंक मापा गया।