पत्नी के साथ वाराणसी पहुंचे कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा, गंगा आरती में हुए शामिल, श्रद्धालुओं के बीच बैठकर किया हवन

वाराणसी (रणभेरी): मशहूर फिल्म डायरेक्टर और डांस कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा रविवार की सुबह पत्नी के साथ वाराणसी पहुंचे। यहां उन्होंने गंगा घाट पर विशेष पूजन किया, साथ ही गंगा आरती में भी शामिल हुए। इससे पहले वह प्रयागराज महाकुंभ में भी पहुंचे थे। वहां उन्होंने नाव से संगम की सैर के बाद गंगा स्नान किया था। इसके बाद अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर इसके वीडियो-फोटो साझा किए थे। वह खुद को काले लिबास में खुद को छिपाते नज़र आए थे। सिर पर काले रंग का गमछा डाल रखा था।
रेमो सुबह में आरती के बाद यज्ञशाला पहुंचे। जहां उन्होंने वैदिक मंत्र उच्चारण के साथ हवन पूजन किया। अपने जीवन में सुख समृद्धि की कामना मां गंगा से की। पाणिनि कन्या विद्यालय की छात्राओं द्वारा मंत्रों चरण किया गया। अस्सी घाट पर अचानक रेमो डिसूजा को देखकर लोग उत्साहित हो गए। वह यहां भी काले लिबास में ही पहुंचे थे। आरती आयोजनों ने बताया कि आरती में शामिल होने की सूचना पहले नहीं थी। वह अचानक यहां पहुंचे उन्होंने पूजा पाठ किया।
रेमो डिसूजा भारतीय फिल्म उद्योग के एक प्रसिद्ध कोरियोग्राफर, डांसर, फिल्म डायरेक्टर और टेलीविजन जज हैं। उनका असली नाम रमेश गोपी नायर है, लेकिन उन्होंने फिल्म और डांस की दुनिया में रेमो डिसूजा के नाम से अपनी पहचान बनाई। रेमो का जन्म 2 अप्रैल 1974 को केरल के पालक्काड में हुआ था। हालांकि, उनकी परवरिश गुजरात के जामनगर में हुई, जहां उनके पिता भारतीय वायु सेना में कार्यरत थे। बचपन से ही रेमो को डांस का शौक था, लेकिन उन्होंने कभी पेशेवर डांस की ट्रेनिंग नहीं ली। वह माइकल जैक्सन से प्रेरित होकर सेल्फ-ट्रेंड डांसर बने।