वाराणसी में ऊर्जा प्रबंधन के खिलाफ कर्मचारियों ने किया ‘जंग‘ का ऐलान, 12 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन जारी

वाराणसी में ऊर्जा प्रबंधन के खिलाफ कर्मचारियों ने किया ‘जंग‘ का ऐलान, 12 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन जारी

(रणभेरी): वाराणसी के भिखारीपुर हाईडिल कॉलोनी में विद्युत मजदूर संगठन एवं विद्युत संविदा मजदूर संगठन के सैकड़ांं कर्मचारियों ने 12 सूत्री मांगों को लेकर ऊर्जा प्रबंधन के खिलाफ ‘जंग‘ का ऐलान कर दिया। अब यह विरोध प्रदर्शन लगातार 72 घंटे तक चलेगा। संगठन के पूर्वांचल अध्यक्ष इंद्रेश राय ने कहा कि प्रबंधन तानाशाही कर रहा है। कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं कर उनका शोषण किया जा रहा है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं की जाएगी। तब तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। वेद प्रकाश राय ने कहा कि कर्मचारी काम में किसी तरह की लापरवाही नहीं करते हैं। 8 घंटे से अधिक काम कराया जाता है इसके बावजूद उनके वेतन में वृद्धि नहीं की जा रही है। 

विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के वाराणसी क्षेत्र के मीडिया सचिव अंकुर पांडेय ने यह जानकारी दी है। इसके बाद से ही विद्युत कर्मचारियों द्वारा 12 सूत्रीय मांगों के साथ यह संकेत विरोध प्रदेश भर में दर्ज कराया जा रहा है। संविदा कर्मचारियों महासंघ ने उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन को पत्र लिखते हुए कहा है कि 3 वर्षों में आउट सोर्सिंग द्वारा कार्यरत संविदा कर्मियों के वेतन बढ़ोत्तरी, दुर्घटना में मृत्यु पर दी जा रही क्षतिपूर्ति में वृद्धि,कार्यकाल की उम्र सीमा में बढ़ोत्तरी, रिक्त पदों पर संविदा कर्मियों का समायोजन, सेवा नियमावली बनाये जाने, पद के अनुरूप कार्य, परिचालन एवं अनुरक्षण संविदा कर्मी के रूप में पंजीकरण आदि मांगों पर कोई भी आदेश जारी नही किया गया। फलस्वरूप संविदा कर्मचारियों में अत्यन्त रोष व्याप्त है।धरने पर बैठे संगठन के महामंत्री वेद प्रकाश राय ने कहा कि हमारे संगठन द्वारा पूरे प्रदेश में विद्युत कर्मचारियों के 12 सूत्रीय मांगों को लेकर आज से प्रदेश के हर जिला और मुख्यालय पर 72 घंटे का कार बहिष्कार का कार्यक्रम आज पूरे प्रदेश में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी प्रमुख मांगे संविदा के साथियों के लिए है।