बुजुर्ग की हाथ-पैर बांधकर धारदार हथियार से गला काटकर हत्या, ट्रैक के किनारे मिला शव

बुजुर्ग की हाथ-पैर बांधकर धारदार हथियार से गला काटकर हत्या, ट्रैक के किनारे मिला शव

(रणभेरी): बलिया के हेमंतपुर गांव में रेलवे ट्रैक के पास बुधवार रात 52 वर्षीय किसान की हाथ और पैर बांधकर धारदार हथियार से गला काट कर हत्या कर दी गई। गांव के लोगों ने शव गुरुवार सुबह रेलवे ट्रैक के पास देखा। प्रेम प्रसंग से जुड़े हुए मामले में किसान की हत्या की आशंका जताई जा रही है। अभी मामले की तहरीर नहीं दी गई है।

हेमंतपुर गांव के पास रेलवे ट्रैक के किनारे 52 वर्षीय हरे राम का शव मिलने से गुरुवार की सुबह सनसनी फैल गई। हरे राम के दोनों हाथ पीछे की तरफ बंधे हुए थे पैर को भी बाधा गया था। धारदार हथियार से गला काट कर हत्या की गई थी। परिजनों का कहना था कि हत्यारोपी ने हरे राम को उनके डेरे पर जाकर जगाया और जबरन गंगापुर अशोक राम के ट्यूबवेल के सामने रेलवे ट्रेक पर ले गए। ट्रैक के किनारे हत्या को अंजाम दिया गया। आरोपियों का प्रयास था कि इसे ट्रेन हादसा बता दिया जाए। हाथ, पैर बंधा होने से उनकी पोल खुल गई। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि प्रमोद यादव ने थानाध्यक्ष व क्षेत्राधिकारी को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। हरेराम के परिजनों ने बताया कि एक नाबालिग लड़की हरेराम के नाबालिग लड़के के साथ भाग गई थी।

दो महीने पहले पुलिस के दबाव में दोनों घर आ गए थे। उस समय समझौता हो गया था। बाद में लड़की फिर से भाग गई। इसके बाद से हरेराम राम पर लड़की व लड़के को बुलाने व उनका मोबाइल नंबर देने के लिए दबाव बना रही थी। लड़की के परिजन भी हरेराम को जान माल की धमकी दे रहे थे।
परिजनों ने उन्हीं लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है।

आरोपियों पर कार्रवाई के लिए हरेराम के घर की महिलाओं व परिजनों ने शव को ले जाने से रोक दिया। उनका कहना था कि पहले आरोपियों पर कार्रवाई हो, फिर हम शव जाने देंगे। सीओ उस्मान व एसएचओ धर्मवीर सिंह के अथक मशक्कत के बाद परिजनों व महिलाओं ने शव को थाने जाने दिया। हम हत्यारों को जेल भेजेंगे। हरेराम की पत्नी चन्द्रावती व परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। हरे राम के दो लड़के हैं। बड़ा लड़का केरल में प्राइवेट जॉब करता है।