मिर्जापुर: पत्नी को फोन पर बात करना बना मौत की वजह, पति ने तवे से हमला कर उतारा मौत के घाट

(रणभेरी): मिर्जापुर के खजूरी गांव में बुधवार की दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां मामूली विवाद ने हिंसा का खौफनाक रूप ले लिया। फोन पर बात करने को लेकर हुए झगड़े में पति ने अपनी ही पत्नी की जान ले ली। वारदात के बाद गांव में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, क्षेत्र निवासी रोहित बाहर रहता था। तीन दिन पहले वह अपने गांव लौटा है। बुधवार की दोपहर पत्नी किसी से फोन पर बात कर रही थी। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद में पति ने पत्नी के सिर पर तवे से हमला कर दिया। हमले में पत्नी की मौत हो गई।
एएसपी सिटी नितेश सिंह ने बताया कि देहात क्षेत्रांतर्गत ग्राम खजुरी में पति-पत्नी के मध्य आपसी विवाद में पति द्वारा पत्नी पर तवे से प्रहार किया गया। जिससे पत्नी की मृत्यु हो गई। सूचना पर तत्काल पुलिस के उच्चाधिकारी द्वारा मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। मृतका के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।