डीडीयू गोरखपुर यूनिवर्सिटी में कैलेंडर जारी, 11 नवंबर से होंगी सेमेस्टर परीक्षाएं

 डीडीयू गोरखपुर यूनिवर्सिटी में कैलेंडर जारी, 11 नवंबर से होंगी सेमेस्टर परीक्षाएं

गोरखपुर । दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2024-25 के लिए अपना कैलेंडर जारी कर दिया है। इसके अनुसार सत्र की शुरूआत भी हो गई है। इस बार विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं भी 11 नवंबर से शुरू करने की तैयारी है। उसके एक हफ्ते पहले कोर्स पूरा हो जाएगा।
विश्वविद्यालय में सत्र को नियमित करने के लिए काफी समय से प्रयास किया जा रहा था, लेकिन कभी प्रवेश तो कभी परीक्षा में देरी की वजह से ऐसा नहीं हो पा रहा था। अब शासनादेश के अनुसार सत्र की शुरूआत हो गई है। तृतीय, पंचम सेमेस्टर का पाठ्यक्रम 20 अक्तूबर तक पूरा करने की योजना है। इसके बाद 31 अक्तूबर तक प्रयोगात्मक परीक्षाएं करा ली जाएंगी। 11 नवंबर से 10 दिसंबर के बीच सेमेस्टर परीक्षाएं संपन्न हो जाएंगी। इसके परिणाम भी पांच जनवरी तक घोषित हो जाएंगे। नव प्रवेशित विद्यार्थियों की कक्षाएं भी दो नवंबर तक चलाने की योजना है। सम सेमेस्टर की पढ़ाई छह जनवरी से शुरू होगी। इनकी परीक्षाएं 11 अप्रैल से 10 मई तक चलेंगी।

15 दिनों का होगा शीतावकाश
विश्वविद्यालय में इस बार 15 दिनों का शीतावकाश होगा। पिछली बार इसे लेकर काफी हंगामा हुआ था। विश्वविद्यालय ने शीतावकाश को रद्द कर दिया था, लेकिन शासनादेश आने के बाद इसे 10 दिन किया गया था। शीतावकाश रद्द करने को लेकर कॉलेज के शिक्षकों ने काफी विरोध किया था। सत्र 2024-25 में 21 दिसंबर से पांच जनवरी तक शीतावकाश रहेगा।

कुलपति प्रो पूनम टंडन ने बताया कि कैलेंडर के अनुसार सत्र की शुरूआत हो गई है। इस सत्र में कक्षाओं के संचालन और विद्यार्थियों के कौशल विकास पर जोर रहेगा। परीक्षा परिणाम भी अब समय से आने लगे हैं। इसके साथ ही बहुत जल्द प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर नव प्रवेशित विद्यार्थियों की कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी। उनके लिए एक दीक्षारंभ कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।