कर्ज से परेशान व्यापारी ने लगाया मौत को गले

कर्ज से परेशान व्यापारी ने लगाया मौत को गले

वाराणसी(रणभेरी)। पहाड़िया मंडी में नारियल का व्यापार करने वाले सोनू सोनकर (28) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक की पत्नी अपने मायके में थी। मौत की सूचना पर परिजनों में हड़कंप मच गया। मौके पर एसीपी कैंट भी पहुंचे और जांच-पड़ताल की। वहीं मायके से पहुंची पत्नी के अनुसार उसके ऊपर व्यापारियों का दबाव था क्योंकि उन्होंने कर्ज ले रखा था। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजता हुए अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक के छोटे भाई सागर सोनकर ने बताया कि मेरे बड़े भाई सोनू सोनकर की शादी 4 दिसंबर 2023 को गिलट बाजार की रहने वाली नेहा सोनकर से हुई थी। पहली होली होने के कारण नेहा की विदाई रविवार हुई थी। सोमवार की सुबह काफी देर तक दरवाजा न खोलने के कारण जब उसने खिड़की से देखा तो उसका भाई फांसी पर लटका हुआ था। पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़कर भाई को नीचे उतारा लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। आत्महत्या की सूचना पर मृतक की पत्नी नेहा सोनकर भी अनौला स्थित अपनी ससुराल पहुंची। जिसके बाद वहां का माहौल गमगीन हो गया।

सोनू पर था व्यापारियों के कर्ज का दबाव

मृतक सोनू सोनकर पूर्वांचल की सबसे बड़ी मंडी पहड़िया में नारियल पानी का व्यापार करता था। मृतक की पत्नी के अनुसार सोनू पर व्यापारियों के कर्ज का दबाव था। बीती रात साढ़े 11 बजे सोनू एवं उसकी पत्नी की आपस में बात हुई। बातचीत मे मृतक कर्ज के बाबत अपनी पत्नी से बातें कर रहा था। नेहा ने बताया कि मैंने उन्हें समझाकर खाना खाने के लिए कहा और सो गई। सुबह ससुराल वालों ने फोन से जानकारी दी।

पिता और भाई भी करते हैं नारियल का कारोबार 

मृतक दो भाई एक बहन मे सबसे बड़ा था। मृतक के पिता एवं छोटा भाई भी मंडी में नारियल पानी का कारोबार करते हैं। सूचना पर एसीपी कैंट विदुष सक्सेना सहित फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटना की छानबीन कर रही है। प्रभारी निरीक्षक थाना कैंट अजय राज वर्मा ने बताया की तहरीर मिलने पर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।