गिरजाघरों में क्रिसमस की तैयारियां शुरू

गिरजाघरों में क्रिसमस की तैयारियां शुरू

वाराणसी (रणभेरी): काशी में सभी धर्मों के आराधना स्थलों का सम्मान होता है। छावनी स्थित सेंट मैरिज महागिरजाघर का मरियममालय सौहार्द की मिसाल है। इसे एक हिंदू रानी ने बनवाया था। सभी धर्मों के लोग यहां आते हैं। मैत्री भवन के निदेशक फिलिफ डेनिस ने बताया कि सबसे ज्यादा चढ़ावा मरियममालय में आता है। यहां सभी धर्म के लोग दर्शन करने आते हैं। 

क्रिसमस के दिन लोग कैंडल भी जलाते हैं। वहीं, क्रिसमस की तैयारियां गिरजाघरों से लेकर घरों तक मे शुरू हो गई है। सदर बाजार निवासी नम्रता स्टीफंस क्रिसमस के लिए केक तैयार करने में जुटी है। नम्रता बताती हैं कि रिच प्लम केक और रम ड्राई फ्रूट केक के बिना क्रिसमस की खुशियां अधूरी रहती हैं। यह केक सिर्फ क्रिसमस पर ही मिलता है। इसे ड्राई फ्रूट व फलों से तैयार किया जाता है। छावनी निवासी डॉ. विनीत जोसेफ स्टीफंस के बच्चे नव्या व विवान घर की सजावट में जुट गए हैं। प्रभु यीशु के लिए चरनी सजाने में उनके दादा सुरेश व दादी अनिता भी मदद कर रहे हैं।