आजमगढ़ लोकसभा सीट पर भाजपा के उम्मीदवार होंगे 'निरहुआ', रामपुर सीट से घनश्याम लोधी

आजमगढ़ लोकसभा सीट पर भाजपा के उम्मीदवार होंगे 'निरहुआ', रामपुर सीट से घनश्याम लोधी

(रणभेरी): भारतीय जनता पार्टी यूपी में लोकसभा की दो सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। आजमगढ़ से भोजपुरी स्टार दिनेश लाल यादव “निरहुआ” को उम्मीदवार बनाया हैं। वह 2019 के लोकसभा चुनाव में भी इसी सीट से लड़े थे पर अखिलेश यादव से हार गए थे। वह फिर से मैदान में हैं। भाजपा ने रामपुर लोकसभा सीट पर घनश्याम लोधी को उम्मीदवार बनाया है। घनश्याम लोधी सपा के विधान परिषद सदस्य रह चुके हैं। यूपी विधानसभा चुनाव से पहले वह भाजपा में शामिल हुए थे।

आजमगढ़ सीट अखिलेश यादव और रामपुर सीट आजम खान के लोकसभा सदस्य पद से इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। शुक्रवार को निरहुआ ने अपनी दावेदारी के लिए ट्विटर पोस्ट भी किया था। इस पोस्टर के माध्यम से दिनेश लाल यादव निरहुआ ने कहा कि जाति धरम न कवनो भरम, न कौवनौ मनबढ़ के लिए, कमल का बटन दबईह भैय्या, अपने आजमगढ़ के लिए। इस तरह के स्लोगन के जरिए निरहुआ ने बाहुबलियों की तरफ इशारा करते हुए उपचुनाव में जिले की जनता से भाजपा को जिताने की अपील की थी। 

सपा आजमगढ़ लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए पूर्व सांसद बलिहारी बाबू के पुत्र सुशील आनंद को प्रत्याशी बना सकती है। हालांकि शुक्रवार को इसके लिए पार्टी ने किसी को फॉर्म बी जारी नहीं किया है। पर माना जा रहा है कि सुशील के नाम पर आलाकमान मुहर लगा चुका है। पार्टी अभी तक इस सीट पर डिंपल यादव अथवा रमाकांत यादव को मैदान में उतारने की तैयारी कर रही थी। बताया जा रहा है कि रमाकांत ने चुनाव लड़ने से मना कर दिया और उन्होंने बदली सियासी परिस्थितियों को देखते हुए पार्टी नेतृत्व के सामने यहां से दलित उम्मीदवार उतारने का प्रस्ताव रखा है।