बाबा विश्वनाथ के दरबार में पहुंचे आकाश अंबानी, मत्था टेककर लिया आशीर्वाद, इतने करोड़ का किया दान

वाराणसी (रणभेरी): देश के प्रमुख उद्योगपति मुकेश अंबानी के पुत्र आकाश अंबानी बुधवार रात बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए। मंदिर के शिखर को नमन किया। गर्भगृह में विधि-विधान से 10 मिनट तक विशेष पूजा की और एक करोड़ रुपये से अधिक का चेक मंदिर प्रशासन को दानस्वरूप प्रदान किया। दो ब्राह्मणों ने पूजन कराया। आकाश को बाबा का प्रसाद, रुद्राक्ष की माला, बाबा का अंगवस्त्र और चंदन दिया। पूजा करने के बाद आकाश अंबानी ने अर्चक को बंद लिफाफे में चढ़ावा और दक्षिणा भी दी। कहा- बाबा का धाम अद्भुत है। दर्शन से मन को शांति मिलती है। जल्द ही पूरे परिवार के साथ आऊंगा। इससे पहले, 25 जून 2024 को, आकाश की मां नीता अंबानी ने काशी विश्वनाथ न्यास को एक करोड़ 51 लाख रुपए का दान दिया था।
बाबा श्री काशी विश्वनाथ का दर्शन पूजन करने के बाद आकाश अंबानी दशाश्वमेध घाट पहुंचे, जहां गंगा सेवा निधि के अर्चकों ने वैदिक रीति से मां गंगा का पूजन कराया। आकाश ने मां गंगा से हाथ जोड़कर प्रार्थना की। इस दौरान गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा ने आकाश को अंगवस्त्र और मोमेंटो भेंट किया।
आकाश अंबानी रात 8 बजे लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट पहुंचे। यहां उनका स्वागत किया गया। इसके बाद वह काफिले के साथ सीधे काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। लगभग 30 मिनट तक मंदिर परिसर में रुके। आकाश ने "हर-हर महादेव" बोलकर जनता का अभिवादन किया। काशी विश्वनाथ मंदिर में आकाश अंबानी परिवार की परंपरा निभाने पहुंचे थे। शादी समारोह या शुभ कार्य में आमंत्रित किए गए देवी देवताओं को अंबानी परिवार में आभार जताने की परंपरा है। अनंत अंबानी की शादी में कई मंदिरों मठ और ज्योतिर्लिंग को आमंत्रण दिया गया था। उनसे शादी समारोह में शामिल होकर उसे मांगलिक कार्य को भव्यता से संपन्न कराने की अपील की थी। शादी में अलग से उन सभी देवी देवताओं का आवाह्न भी किया गया था।
काशी दर्शन करने के बाद वह ताज होटल गए और सुबह जगन्नाथ पुरी के लिए रवाना हो गए हैं। आकाश वहां भगवान जगन्नाथ को धन्यवाद देंगे। वहीं, माना जा रहा है कि स्वास्थ्य कर्म के चलते नीता अंबानी बनारस नहीं आ सकी लेकिन जल्द ही आ सकती हैं।