आकांक्षा की मां का आरोप, मेरी बेटी की हत्या हुई...

आकांक्षा की मां का आरोप, मेरी बेटी की हत्या हुई...
  • भोजपुरी गायक पर लगाये गंभीर आरोप, बोलीं- मारता-पिटता था
  • आत्महत्या को लेकर उठ रहे कई सवाल, पोस्टमार्टम रिपार्ट का इंतजार

वाराणसी (रणभेरी): 1 बजे रात तक पार्टी, इंस्टाग्राम रील, 2.55 मिनट पर लाइव... और फिर सुसाइड। 27 साल की भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत की रात कुछ ऐसा हुआ। यही नहीं, पुलिस जब मास्टर चाबी से होटल का दरवाजा खोलकर अंदर दाखिल हुई तो आकांक्षा के गले में पंखे से लगा फांसी का फंदा था। लाश के बेड के सहारे थी, ऐसे जैसे कोई बैठा हुआ हो। कमरे की लाइट जल रही थी और बाथरूम का नल भी खुला था। वहीं, भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत मामले में नया मोड़ आ गया है। मुंबई से वाराणसी पहुंची आकांक्षा की मां ने कहा कि मेरी बेटी बहुत साहसी थी। वो आत्महत्या नहीं कर सकती। उसकी हत्या हुई है।

आरोप एक भोजपुरी गायक पर लगाया। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई। आकांक्षा दुबे की मां मधु और भाई सोमवार सुबह थाने पहुंचे। पिता छोटेलाल दुबे अभी ट्रेन में हैं। मृतका की मां मधु ने बताया कि शनिवार शाम सात बजे मोबाइल से आकांक्षा से बात हुई थी। तब वो खुश थी। कोई परेशानी नहीं बताई। 12 बजे रात में फोन किया था तो उसने फोन नहीं उठाया था। किसी पार्टी में जाने की बात नहीं बताई थी। आरोप लगाया कि आजमगढ़ निवासी भोजपुरी गायक आकांक्षा को बहुत प्रताड़ित करता था। फिल्म में काम करने पर पैसा नहीं देता था। दूसरे की फिल्म में काम करने पर मारता-पीटता था। कई बार जब आकांक्षा में उससे अपने पैसे मांगे तो उसके साथ मारपीट भी की। बीते 21 मार्च को आकांक्षा बस्ती में शूटिंग कर रही थी। तब मोबाइल पर भोजपुरी गायक के भाई का फोन आया था। फोन पर धमकी दे रहा था कि तुमको जान से मरवा देंगे। आकांक्षा की अस्सिटेंट रेखा ने भी बताया कि मैडम सेट पर  जोर-जोर से रही थीं। फिलहाल, पुलिस अभी तक इसे आत्महत्या मान रही है। हालांकि, आंकाक्षा की मौत को लेकर सवाल भी खड़े होने लगे हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद काफी हद तक तस्वीर और साफ हो जाएगी। वहीं, फोरेंसिक टीम ने भी कमरे की जांच कर सबूत को इकट्‌ठा किया।

समर सिंह व उसके भाई पर मुकदमा दर्ज 

आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे की तहरीर पर सारनाथ पुलिस ने भोजपुरी गायक समर सिंह व उनके भाई संजय सिंह के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 131/23 धारा 306 के तहत मुकदमा दर्ज हुआ है।

होटल छोड़ने वाले युवक से पूछताछ

पुलिस ने उस युवक को ढूंढ निकाला जिसने आकांक्षा को शनिवार देर रात होटल में छोड़ा था। युवक लगभग 17 मिनट तक आकांक्षा के कमरे में रुका, फिर बाहर निकलकर चला गया था। पुलिस की पूछताछ में युवक ने बताया कि वह और आकांक्षा एक-दूसरे को अच्छी तरह से जानते थे। शनिवार रात आकांक्षा उसे पांडेयपुर में मिली थी और उससे लिफ्ट मांगी थी। इस पर वह उन्हें उनके होटल छोड़ कर चला गया था। फिलहाल, युवक से पुलिस की पूछताछ जारी है। दूसरी तरफ पुलिस ने फिल्म से जुड़े लोगों को शहर छोड़ने से मना किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद ही टीम के सदस्य जा सकेंगे।

काल डिटेल और चैट्स खंगाल रही पुलिस

हालांकि, गायक से मनमुटाव व विवाद का आकांक्षा के काम पर कोई असर नहीं पड़ा था। पुलिस अभिनेत्री के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाल कर यह जानने की कोशिश कर रही है कि आखिरी बार उनकी बात किससे हुई थी? वह किसके साथ थीं? किसकी पार्टी में गई थीं? पुलिस के अनुसार, मोबाइल की कॉल डिटेल प्रकरण की गुत्थी सुलझाने में एक अहम कड़ी साबित होगी। इसके साथ ही पुलिस अभिनेत्री आकांक्षा के मोबाइल कॉल के अलावा व्हाट्सएप और मैसेंजर चैट को भी पड़ताल कर सकती है। इस की जांच यह भी साफ हो सकेगा कि शनिवार रात वह किस जन्मदिन पार्टी में गई थीं। साथ ही वहां क्या हुआ। फिलहाल, पुलिस उस युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है जो आकांक्षा दुबे को देर रात होटल छोड़ने आया था। 

समर सिंह से अफेयर और सोशल मीडिया पोस्ट से धोखा मिलने के संकेत

अभिनेत्री ने कुछ दिन पहले वैलेंटाइन डे पर अपना रिलेशनशिप ऑफिशियल किया था। उन्होंने अपने को-स्टार समर सिंह के साथ फोटो पोस्ट करते हुए हैप्पी वैलेंटाइन्स डे लिखा था। सुसाइड के बाद आकांक्षा का एक पुराना पोस्ट वायरल हो रहा है। इसमें उन्होंने फोटो पोस्ट करते हुए लिखा था, 'मोहब्बत तो तुझसे थी, लेकिन तेरी मोहब्बत ने जोर से खींच के तमाचा मार ही दिया मुझे।' उनकी फोटोज पर यूजर्स ने कमेंट्स भी किया था कि आखिर किसने उन्हें धोखा दे दिया?