पत्नी को मायके से बुलाकर पति ने दरांती से रेता गला, 15 मिनट तक तड़पती रही

आगरा (रणभेरी): उत्तर प्रदेश के आगरा में इरादतनगर थाना क्षेत्र के कुर्राचित्तरपुर स्थित गांव करोंधना में 32 वर्षीय महिला को उसके ही पति ने धारदार हत्या से हमला कर हत्या कर दी। सोमवार देर शाम पत्नी की हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। पत्नी की हत्या करने के बाद पति और उसके परिवार के अन्य सदस्य मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि, इस मामले में अब तक शिकायत दर्ज न होने की बात भी सामने आई है।
डौकी के गांव वाजिदपुर स्थित आसे का पुरा निवासी पुष्पा उर्फ राधा (32) की शादी 14 साल पहले गांव करोंधना स्थित बाग खिन्नी निवासी केशव कुशवाहा के साथ हुई थी। केशव खेतीबाड़ी करता है। उनके 2 बेटे सात वर्षीय मोनू और छह वर्षीय दीपू और एक बेटी आठ वर्षीय मोनिका है।
पुष्पा के परिजनों ने बताया- केशव आए दिन झगड़ा करता था। इस पर पुष्पा बच्चों को लेकर मायके चली जाती थी। कुछ महीने से मायके में ही रह रही थी। शनिवार को केशव ससुराल पहुंचा। पत्नी को घर ले जाने की बात कही। इस दौरान विवाद भी हुआ। तब केशव ने पत्नी को अच्छी तरह से रखने का वादा किया। इस पर रविवार को बच्चे और पत्नी उसके साथ घर आ गए।
सोमवार यानी की शाम 6 बजे पति घर में आया। उसने बच्चों को रुपए दिए। दुकान से टॉफी लाने भेज दिया। इसके बाद पत्नी से झगड़ना शुरू कर दिया। आरोप है कि विरोध पर केशव दरांती ले आया। उसने पुष्पा की गर्दन पर एक के बाद एक कई वार किए। इससे वह गिर गई। उसके गिरने पर भी केशव नहीं माना। उसके पेट पर भी दरांती से कई वार किए। बच्चों के आने पर आरोपी भाग निकला।
घटना की जानकारी पर पुलिस पहुंच गई। वहीं, मायके पक्ष के लोग आ गए। उन्होंने हंगामा कर दिया। केशव के परिवार के लोगों के साथ मारपीट कर दी। पुलिस ने किसी तरह लोगों को रोका। तब शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका। परिजनों ने बताया कि केशव पत्नी को हत्या के इरादे से ही ससुराल से लेकर आया था। घर में उसके भाई हरीओम का परिवार भी दूसरे कमरे में रहता है। केशव का भाई घर में नहीं था। मां की माैत से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी पर मायके पक्ष के लोग लाठी-डंडे लेकर आए थे। यह देखकर पड़ोसी घरों के लोग भी भाग खड़े हुए। लोगों को लग रहा था कि कहीं उनके साथ मारपीट न कर दें। डीसीपी पूर्वी जोन अतुल शर्मा ने बताया कि महिला की घर में हत्या की गई है। आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए टीम लगी है। हत्या के पीछे पत्नी के पति के अवैध संबंध का विरोध करने का आरोप लगाया है। साक्ष्य संकलन किया जा रहा है। परिजन की तहरीर के आधार पर केस दर्ज होगा।